मुरादाबाद के पीर के बाजार में चल रहा था स्लाटर हाउस,एक गर्दन कटा और चार जिंदा गोवंशीय पशु मिले Moradabad news
शासन की सख्ती के बाद भी मुरादाबाद में अवैध रुप से स्लाटर हाउस संचालित हो रहे है। जबकि पुलिस आए दिन इनके खिलाफ अभियान चला रही है।
मुरादाबाद। पुलिस को पीर के बाजार स्थित एक घर में अवैध तरीके से स्लाटर हाउस चलता मिला है। छापामारी के दौरान पुलिस को मौके से एक गर्दन कटा और चार जिंदा गोवंशीय पशु मिले हैैं। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। महानगर में मांस के तस्करों का हौसले बुलंद है। एक सप्ताह पहले गलशहीद पुलिस असालतपुरा में अवैध स्लाटर हाउस चलाने वालों के खिलाफ अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। मंगलवार की सुबह थाना मझोला क्षेत्र के मुहल्ला पीर बाजार में शहजाद के घर गोवंशीय पशुओं का कटान हो रहा था। सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। हंगामा होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घर में जाकर देखा तो एक पशु गर्दन कटा पड़ा है। चार जिंदा गोवंशीय पशु शहजाद के घर में बंधे हुए मिले। पुलिस जिंदा पशुओं को थाने ले आई। जयंतीपुर चौकी इंचार्ज कपिल रघुवंशी ने बताया कि शहजाद मांस की तस्करी का धंधा करता है। उसका परिवार पहले भी मांस की तस्करी से जुड़ा रहा है। बीस दिन पहले ही उसका बेटा फैजान गोवंशीय पशुओं की तस्करी में बंद होने के बाद जेल से छूटा है। मामले में शहजाद उसके बेटे फैजान के अलावा मुशाहिद और अज्ञात समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक रूपेंद्र गौड़ ने बताया कि शहजाद मूल रूप से मैनाठेर क्षेत्र का रहने वाला है। गोवंशीय पशुओं की सुपुर्दगी की कार्रवाई की जा रही है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भिजवाया जाएगा।