शहीद एक्सप्रेस आग हादसा: S-6 कोच में जले बैग से मिला पाइप और पोटाश, मुरादाबाद RPF ने दर्ज किया मुकदमा
मुरादाबाद में शहीद एक्सप्रेस के S-6 कोच में लगी आग गंधक-पोटाश के विस्फोट से हुई थी। आरपीएफ ने कुशीनगर निवासी ...और पढ़ें

HighLights
शहीद एक्सप्रेस S-6 कोच में आग गंधक-पोटाश विस्फोट से।
आरपीएफ को मौके से विस्फोटक अवशेष और लोहे की नाल मिली।
कुशीनगर के दीपक कुमार पर रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शहीद एक्सप्रेस के एस-6 स्लीपर कोच में शुक्रवार रात आग लगने की घटना गंधक-पोटाश में विस्फोट के कारण हुई थी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की प्रारंभिक जांच में मौके से गंधक-पोटाश के अवशेष और दीपावली पर पटाखे की तरह विस्फोट करने में इस्तेमाल होने वाली लोहे के पाइप से बनी नाल मिली है। जिस बैग में विस्फोटक सामग्री रखी थी, वह कुशीनगर निवासी दीपक कुमार का है।
आरपीएफ धामपुर आरपीएफ चौकी प्रभारी चेतन कुमार ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध ज्वलनशील और विस्फोटक पदार्थ ले जाने में रेलवे एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। जल्द उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। बरामद सामग्री के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।
शुक्रवार रात अमृतसर से जयनगर जा रही शहीद एक्सप्रेस (14674) बिजनौर के नगीना स्टेशन के पास डबल फाटक से गुजर रही थी। रात करीब 11:15 बजे एस-6 कोच में रखे बैग में विस्फोट के बाद आग लग गई। देखते ही देखते कोच में धुआं भर गया और यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
आरपीएफ मामले की जांच में जुटी
यात्रियों ने आपातकालीन चेन खींचकर ट्रेन रोक दी और करीब 80 यात्री कोच से नीचे उतर गए। सूचना पर रेलवे, पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आरपीएफ की जांच के अनुसार, हरियाणा के गोविंदगंज से गोरखपुर जा रहे मंडरा (कुशीनगर) दीपक कुमार और उनके परिवार की एस-6 कोच में सीट संख्या 66-67 आरक्षित थीं।
दीपक ने ऊपरी बर्थ पर अन्य सामान के साथ अपना बैग रखा था। आग से बैग और यात्रियों के अन्य सामान को नुकसान पहुंचा। रेल संचालन करीब एक घंटे प्रभावित रहा।
जांच के बाद ट्रेन आगे रवाना हुई और देर रात 2:45 बजे मुरादाबाद जंक्शन पहुंची। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि ट्रेन में कोच के इलेक्ट्रिक वायर और चार्जिंग पाइंट ठीक मिले हैं। आरपीएफ प्रकरण में कार्रवाई कर रही है।
