Citizenship Amendment Act 2019 : सम्भल सांसद ने सरकार की नीयत पर उठाए सवाल Sambhal News
पत्रकार वार्ता में सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क बोले नागरिकता कानून से आम हिंदुस्तानी को भी खतरा। संविधान बचाओ देश बचाओ के साथ हम लड़ेंगे।
सम्भल। सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा कि नागरिकता संशोधन बिल के पास होने से मुसलमान ही नहीं बल्कि आम आदमी को भी खतरा है। इस कानून को अपनी ताकत के बल पर पास कराया गया है। हिन्दुस्तान सबका है और सभी को इस देश में रहने का हक है। ऐसे में नागरिकता कानून के पीछे सरकार की नीयत साफ नहीं है।
आवास पर की प्रेसवार्ता
सांसद ने अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि कानून के मुताबिक सिर्फ मुसलमानों को छोड़कर यदि कोई पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान देश छोड़कर आता है तो उन्हें नागरिकता दी जाएगी। इस कानून के लाने व लागू करने से हर आदमी परेशान है। देश के अंदर अमन शांति कायम रहे। मंगलवार को नगर पालिका मैदान में जनसभा होगी। इसमें बताया जाएगा कि ये कानून संविधान के खिलाफ है। संविधान बचाओ देश बचाओ के साथ हम लड़ेंगे। जिस समय देश में आजादी की लड़ाई लड़ी जा रही थी, उस समय यह आरएसएस वाले कहां गए हुए थे। तब गोली हम खा रहे थे, फांसी पर लटक कर कुर्बानी दे रहे थे। गांधी जी के कातिल नाथू राम गोडसे की पूजा की जा रही है। प्रज्ञा ठाकुर जैसे लोग गोडसे को देश का वफादार बताते हैं।