एचटी लाइन का करंट घरों में उतरा, चार महिलाएं झुलसी Moradabad News
हाईटेंशन बिजली लाइन का करंट घरों में उतरने से खलबली मच गई। इसकी चपेट में आकर चार महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
मुरादाबाद : अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा शहर के के मोहल्ला हीरा नगर में हाईटेंशन बिजली लाइन का करंट घरों में उतरने से खलबली मच गई। इसकी चपेट में आकर चार महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। इन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धनौरा के हीरानगर मुहल्ले में बने नए मकानों के ऊपर से हाईटेंशन बिजली की लाइन जा रही है। इन मकानों में पिलर लगाने के लिए सरिया निकाले गए हैं। तारों के करीब ऊंचाई सरियों में करंट आने से पूरे मकान में करंट दौड़ जाता है। रविवार को भी ऐसा ही हुआ। बंदर द्वारा बिजली पोल को हिला दिए जाने से हाईटेंशन लाइन के तार सरियों से टकरा गए और मकानों में करंट दौड़ गया। घरों में चीख पुकार मच गई। करंट लगने से सुनीता शर्मा पत्नी मुनेश शर्मा, लक्ष्मी देवी पत्नी सुभाष रुहेला, रीना देवी पत्नी बिरेंदर सिंह, वीरवती पत्नी नरेंद्र झुलस गई। उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं घटना को लेकर मुहल्ले में अफरातफरी का माहौल मचा रहा। लोगों का आरोप है कि हाईटेंशन विद्युत लाइन के तार उनके घरों के करीब से होकर गुजर रहे हैं। बंदर द्वारा खंबा हिलाने पर यह तार नजदीकी मकानों से टकरा गए थे, जिसके बाद यह हादसा हुआ।