बरेली की निकली लुटेरी दुल्हन, कई घटनाओं से जल्द उठेगा पर्दा Moradabad News
प्रभारी निरीक्षक शक्ति सिंह ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को उनका चालान करके कोर्ट में पेश किया जाएगा।
मुरादाबाद। थाना सिविल लाइंस इलाके के झांझनपुर में परिजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी और जेवर समेटकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन बरेली के बहेड़ी की निकली। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उसके अलावा एक और युवती को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मुहल्ला झांझनपुर निवासी वीरू ने अपने बेटे संजय की शादी सम्भल के एक रिश्तेदार के जरिए पूजा नाम की लड़की से तय कर दी। खुद को दुल्हन की मौसी बताने वाली महिला ने लड़की के बदले संजय के पिता से 35 हजार रुपये लिए। झांझनपुर के मंदिर में विधि विधान से शादी हुई। दुल्हन के साथ उसकी कथित मौसी भी ससुराल आ गई। शादी के अगले ही दिन 22 जुलाई की रात को दुल्हन ने सभी को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। परिजनों के बेहोश होने के बाद दुल्हन और उसकी मौसी घर में रखी 16 हजार की नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई थी। संजय के भाई प्रदीप ने परिवार के सभी लोगों को बेहोशी ही हालत में पड़ा देखा तो हैरान रह गया। चौकी इंचार्ज हरथला वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि लुटेरी दुल्हन और एक अन्य युवती को हिरासत में लिया गया है। आरोपित दुल्हन ने बताया कि उसकी शादी मुंह बोली मौसी के मिलने वाले ठेकेदार ने कराई थी। वह बरेली के बहेड़ी की रहने वाली है।