Ration scam : 20 अंत्योदय कार्डधारकों में से 11 अपात्र, होगी कार्रवाई
Ration scam रामपुर में प्रशासन की सख्ती के बाद गरीबों का राशन हड़पने वालों के चेहरे बेनकाब होने लगे हैं। रोज नए लोगों के नाम सामने आ रहे हैं।
रामपुर। स्वार मेंं प्रशासन की सख्ती के बाद गरीबों का राशन हड़पने वालों के चेहरे बेनकाब होने लगे हैं। शिकारपुर गांव में 20 अंत्योदय राशन कार्ड धारक हैं। जांच हुई तो पता चला कि उनमें से 11 संपन्न लोग गरीबों का राशन हड़प रहे हैं। मामला पकड़ में आने पर एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
सरकार की ओर से गरीब एवं बेसहारा लोगो के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रहीं हैं। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालो के लिए सरकार की ओर से अंत्योदय राशन कार्ड जारी किये गए थे। जिससे कि पात्र लोगों को योजना का लाभ मिल सके। लेकिन, कई साधन संपन्न लोगों ने साठगांठ करके आपमे कार्ड बनवा लिए और योजना का लाभ लेना शुरू कर दिया। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह के आदेश पर अब ऐसे लोगों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। गांव में जांच होने पर पता चला कि कुल 20 अंत्योदय राशन कार्ड हैं। जिनमें से 11 कार्ड अपात्र लोगों के बना दिए गए हैं। लेखपाल ने जांच रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी। जिस पर उन्होंने पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार श्रीवास्तव को रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि हर गांव का सत्यापन करवाया जाएगा। गड़बड़ी मिलने पर अपात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।