राशन की बढ़ी परेशानी, कोरोना कंट्रोल रूम से नहीं मिल रही मदद Moradabad News
हेलो कहकर काटा जा रहा है फोन जरूरतमंद परेशान। लॉकडाउन के दौरान लोगों को हो रही भारी परेशानी। प्रशासन का दावा सब कुछ ठीक चल रहा है।
मुरादाबाद,जेएनएन। लॉकडाउन में राशन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए प्रदेश सरकार के दावों की हवा कोरोना आपदा कंट्रोल रूम में निकल रही है। जरूरतमंदों के फोन करने पर हेलो-हेलो कहकर फोन काट दिया जा रहा है जिससे लोग राशन के लिए परेशान हो रहे हैं। राशन डीलरों की मनमानी अलग चल रही है। शहर से गांव तक लोग राशन नहीं मिलने से परेशान हैं लेकिन अफसर 'ऑल इज वेलÓ में मशगूल हैं।
केस : एक
प्राइवेट एजेंसी में कर्मचारी हूं, 12 अप्रैल तक वेतन मिलने की संभावना है। राशन कार्ड है लेकिन, घर में एक दाना राशन नहीं। सुबह आपूर्ति विभाग के कंट्रोल रूम को फोन किया तो बताया गया कि जिलाधिकारी कार्यालय पर कोरोना आपदा कंट्रोल रूम बना है, वहां फोन करो। वहां कई बार फोन किया लेकिन, हेलो-हेलो कहकर फोन काट दिया गया।
विकास सिंह, पुतलीघर रोड, मझोला
केस : दो
लाइनपार में रहने वाले राजपाल सिंह ने दैनिक जागरण के हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर तीन दिन से खाना नहीं होने की जानकारी दी थी। उनका पता आपदा प्रबंधन में दर्ज कराया लेकिन, उनके घर खाना नहीं पहुंचा।
केस : तीन
लाइनपार में गायत्री नगर गली नंबर दो के पांच परिवारों ने कोरोना आपदा कंट्रोल नंबर पर लगातार फोन किया लेकिन, उन्हें मदद नहीं मिली। दैनिक जागरण ने समाजसेवियों की मदद से उन्हें भोजन उपलब्ध कराया। वहीं कुंदनपुर ढक्का में भी यही स्थिति रही। आसरा कालोनी में रह रहे श्रमिकों की मदद के लिए अन्य लोगों ने प्रशासन की ओर से दिए गए नंबरों पर फोन किया, लेकिन लोग मदद का इंतजार करते ही रहे।