Coronavirus:रामपुर के कोरोना संक्रमित युवक की सऊदी अरब में मौत,परिवार में छाया मातम Rampur News
18 अप्रैल को होनी थी शादी लॉकडाउन के चलते वहां फंस गया था युवक। शादी का सपना रह गया अधूरा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।
रामपुर,जेएनएन। सऊदी अरब में नौकरी करने गया युवक वहां कोरोना वायरस की चपेट में आ गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक शहर के मुहल्ला कुंडा गली मियां जान का रहने वाला था। उसके घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसके चलते वह आठ साल पहले सऊदी अरब गया था। वहां रियाद शहर में ऑटो इलेक्ट्रिशन की नौकरी करता था। उसकी शादी तय हो गई थी। बीती 18 अप्रैल को निकाह होना था, लेकिन उससे पहले लॉकडाउन होने के चलते वह रियाद में ही फंस गया था।
करीब एक सप्ताह पहले उसकी तबीयत खराब होने पर उसे क्वारंटाइन किया गया था। जांच में उसके कोरोना संक्रमित होने का पता चला। तब से उसका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को बीमारी के चलते उसका निधन हो गया। उसके निधन की सूचना जब यहां परिजनों को मिली तो उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन उसके निकाह की तैयारी कर रहे थे। 10 माह पहले उसके पिता का निधन हो गया था और अब बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम छाया है। उसके परिवार में एक भाई और चार बहनें हैं। एक बीमार मां है, जो बेटे की मौत की खबर सुनकर सदमे में है। मृतक के रिश्तेदार ने बताया कि युवक अपने घर का अकेला कमाने वाला था।