Lockdown in Moradabad: हरियाणा से आए प्रवासी श्रमिकों को 28 दिन के लिए किया क्वारंटाइन Moradabad News
बाहर के आए मजदूरों को अलग-अलग जगहों पर क्वारंटाइन किया जा रहा है। क्वारंटाइन अवधि पूरी करने के बाद इन मजदूरों को घर जाने की इजाजत दी जाएगी।
मुरादाबाद,जेएनएन। हरियाणा से आए प्रवासी श्रमिकों को ग्लोबल स्कूल एवं विस्डम स्कूलों में जांच उपरांत 28 दिन के लिए क्वारंटाइन किया जा रहा है। शनिवार को आरआरटी टीमों द्वारा 567 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कांठ में पाए गए छह कोरोना पॉजिटिव के परिवार के 50 सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। अभी स्वास्थ्य कर्मचारियों सहित आठ लोगों के री सैंपलिंग की रिपोर्ट आनी बाकी है। रिपोर्ट आने के उपरांत प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य अधिकारीगण निर्णय लेंगे। बाहर से आने वाले श्रमिकों के लिए विस्डम स्कूल, फत्तेहपुर एवं ग्लोबल स्कूल कुचावली में जांच के बाद क्वारंटाइन किया जाएगा। स्कूल में शुक्रवार और शनिवार को क्षेत्र में हरियाणा से आए कुल 43 प्रवासियों को परीक्षण उपरांत क्वारंटाइन किया गया है। ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक चंद्रशेखर यादव ने बताया कि रविवार को स्वास्थ्य कर्मियों की आवश्यक बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। सरकार धीरे-धीरे यूपी से बाहर फंसे मजदूरों को लाने का प्रयास कर रही है। राजस्थान के कोटा में फंसे यूपी के छात्रों की वापसी सरकार ने कराई है और सभी छात्र अभी क्वारंटाइन अवधि पूरी कर रहे हैं।