धर्मशाला में ठहरे श्रद्धालुओं को जहरीला पेय पदार्थ पिलाकर लूटा Moradabad News
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव बूझपुर आशा में धर्मशाला में ठहरे श्रद्धालुओं को प्रसाद बताकर शीतल पेय में जहर दे दिया गया।
मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव बूझपुर आशा में धर्मशाला में ठहरे श्रद्धालुओं को प्रसाद बताकर शीतल पेय में जहर दे दिया गया। इसके बाद सभी बेहोश हो गए। सोमवार तड़के ग्रामीणों ने लोगों को बेहोशी की अवस्था में देखा तो अस्पताल भिजवाया।
बूझपुर गांव के दुर्गा मंदिर की दूर-दूर तक मान्यता है। मनोकामना पूरी होने पर रविवार को लोग प्रसाद चढ़ाने आते हैं। रविवार को दिल्ली और बुलंदशहर के श्रद्धालु रात में वाहन नहीं मिलने के चलते धर्मशाला में ही रुक गए। रात में एक व्यक्ति ने प्रसाद बताकर शीतल पेय पिला दिया। थोड़ी देर बाद सभी की तबीयत बिगडऩे लगी। बदमाश कीमती सामान और नकदी लूटकर ले गए। सोमवार सुबह मंदिर दर्शन को पहुंचे भक्तोंं ने जब धर्मशाला में लोगों को बेहोशी की हालत में देखा तो शोर मचा दिया। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से आठ लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें देवकी, पूजा, प्रियंका, सीमा, और मोनिका की हालत गंभीर बनी हुई है। पीडि़त महिलाएं और बच्चियां दिल्ली के हर्ष विहार निवासी मदनपाल के परिवार की बताई जा रही हैं। इसके अलावा कुछ लोग बुलंदशहर के भी हैं। बेहोशी की वजह से कोई कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है। सीएमओ डॉ. विनीता अग्निहोत्री, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. च्योत्सना उपाध्याय पंत, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार अस्पताल पहुंचे और बेहतर उपचार की व्यवस्था कराई। डॉक्टरों के मुताबिक मरीजों की हालत में कुछ सुधार हो रहा है। मंदिर के पुजारी कृपाल सिंह ने बताया कि सुबह गांव के लोगों ने घटना की सूचना दी थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी का सामान व मोबाइल लूटा गया है। प्रभारी निरीक्षक अजित सिंह ने बताया कि शीतल पेय पदार्थ में जहरीला पदार्थ मिलाकर घटना को अंजाम दिया गया है।