उत्तर प्रदेश कांग्रेस को मजबूत करने के लिए प्रियंका ने निकाला नया फार्मूला
मुरादाबाद निवासी कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष असलम खुर्शीद को बुलंदशहर जिले का प्रभारी बनाया गया है। अमरोहा के कांग्रेस नेता सुखराज सिंह को नोएडा की जिम्मेदारी मिली है। उझारी कस्बे के रहने वाले चौधरी शमीम अहमद को रामपुर जिले का प्रभार मिला है।
मुरादाबाद, जेएनएन। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने प्रदेेश मेें संगठन को नई धार देने के लिए कवायद शुरू कर दी है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों समेत 75 पुराने कांग्रेसियों को जिलों में रहकर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है। मुरादाबाद मंडल के चार पुराने कांग्रेसियों को भी अलग-अलग जिलों का प्रभारी बनाया गया है।
मुरादाबाद निवासी कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष असलम खुर्शीद को बुलंदशहर जिले का प्रभारी बनाया गया है। अमरोहा के कांग्रेस नेता सुखराज सिंह को नोएडा की जिम्मेदारी मिली है। उझारी कस्बे के रहने वाले चौधरी शमीम अहमद को रामपुर जिले का प्रभार मिला है। रामपुर के चमरौआ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रहे यूसुफ अली को मुरादाबाद जिले का प्रभारी बनाया है। कांग्रेस में इससे पहले पदाधिकारियों को तीन-चार जिलों का प्रभारी बनाकर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंप दी जाती थी। इस बार कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने नया फार्मूला अपनाया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 54 पदाधिकारियों के अलावा 14 पुराने कांग्रेसियों को जिलों का प्रभार दिया गया है। इन पदाधिकारियों का कार्यकाल तीन जनवरी से शुरू होगा। जिला प्रभारी अपने-अपने जिले में जाकर संगठन की समीक्षा करेंगे। उन्हें यह देखना है कि जिलाध्यक्षों ने बूथ, न्यायपंचायत, ब्लॉक कमेटियों का गठन अभी तक किया है या नहीं। जिन जिलाध्यक्षों ने यह काम पूरा नहीं किया है। उनका काम जिला प्रभारियों को पूरा कराकर 20 जनवरी को हाईकमान को रिपोर्ट करनी है। इस अभियान के दौरान जो जिलाध्यक्ष हाईकमान के मानक पर खरे नहीं उतरेंगे, उनकी कुर्सी जानी तय मानी जा रही है।
कांग्रेस नेता असलम खुर्शीद ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रियंका वाड्रा लगी हुई हैं। उन्होंने वेबीनार के माध्यम से सभी जिला प्रभारियों से सीधी बात करके अपनी मंशा बता दी है। उनका साफ कहना है कि जो काम नहीं करेगा, उसे पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं मिलेगा।
बुलंशहर का प्रभारी बनाने पर कांग्रेसियों में खुशी
कांग्रेस नेता असलम खुर्शीद को बुलंदशहर का प्रभारी बनाए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। रविवार को उन्हें पार्टी कार्यालय बुलाकर मिठाई खिलाने के बाद शुभकामनाएं दी गईं। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष हाजी रिजवान कुरैशी, मुहम्मद अहमद, शकील सरवर हाशमी आदि मौजूद रहे।