अमरोहा में करंट से गर्भवती की मौत, प्रसव के लिए जाने वाली थी अस्पताल
अमरोहा के रजबपुर में हादसे में एक गर्भवती की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब महिला घर में कपड़े प्रेस कर रही थी।
अमरोहा। जिले के रजबपुर में बड़ा हादसा हो गया। करंट लगने से कपड़ा प्रेस कर रही गर्भवती की जान चली गई। हादसे के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों ने शव को सुपुर्दे खाक कर दिया है।
यह हादसा थाना क्षेत्र के गांव रामपुर घना का है। यहां पर मोहम्मद हसीब का परिवार रहता है। पेशे से किसान हसीब की पत्नी सादिया बेगम इन दिनों गर्भवती थीं। बताते हैं कि उन्हें प्रसव के लिए एकाध दिन में अस्पताल में भर्ती किया जाना था। लिहाजा सादिया घर में रखे कपड़ों पर प्रेस कर रही थीं। प्रेस का तार कई जगह से टूटा हुआ था। अचानक सादिया का हाथ उस पर लग गया। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पति व अन्य स्वजन मौके पर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। फ़ौरन ही उन्हें लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने भी उन्हें मृत घोषित कर दिया। विवाहिता की मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया। उनका रो रो कर बुरा हाल है। मृतका को सुपुर्दे खाक कर दिया है।
इस तरह बरतें सावधानी
मोटर, प्रेस आदि बिजली उपकरणों के तार समय समय पर चेक करते रहें। कहीं भी तार कटा हो तो उस पर मोटा टेप लपेट दें, ज्यादा अच्छा तो ये है कि उन्हें तत्काल बदल दिया जाए। इन उपकरणों के इस्तेमाल से पूर्व तार आदि को एक बार चेक करने की आदत डाल लेनी चाहिए। जरा सी असावधानी आने वाले समय में बड़े हादसे को जन्म दे देती है। इसका खामियाजा परिवार को उठाना पड़ जाता है।