पूजा के रूखे बर्ताव ने देवराज को बना दिया कातिल, घर में घुसकर धोखे से काटा था गला
Pooja assassination busted पुलिस ने पूजा हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। कत्ल के आरोप में सिरफिरे आशिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शक के आधार पर पूजा के घर के सामने रहने वाले युवक को हिरासत में लिया था।
मुरादाबाद, जेएनएन। Pooja assassination busted । कटघर पुलिस ने सोमवार को पूजा हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस के मुताबिक पूजा को मौत के घाट उतारने वाला कोई और नहीं बल्कि उसके घर के ठीक सामने रहने वाला युवक है। वह युवती से प्यार करता था। पुलिस आरोपित को जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
कटघर थाना क्षेत्र में सैनियो की मिलक की रहने वाली पूजा की 11 नवंबर को उसके घर में ही हत्या कर दी गई थी। पूजा का खून से लथपथ शव पुलिस ने बरामद किया था। धारदार हथियार से गला रेतकर उसे मौत के घाट उतारा गया था। पूजा के पिता विष्णु की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कातिल की तलाश शुरू की। मुखबिरों से पुलिस को पता चला कि पूजा के घर के सामने रहने वाला देवराज युवती से प्यार करता था। संदेह के आधार पर पुलिस ने देवराज को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की। पुलिस की सख्ती से देवराज टूट गया और उसने पूरी कहानी बयां कर दी। उसने बताया कि वह और पूजा एक-दूसरे से वर्षों से प्यार करते थे। कुछ महीनों से पूजा उससे पीछा छुड़ाने में लगी हुई थी। इस बीच स्वजन पूजा का रिश्ता भी तय करने में जुटे हुए थे। प्रेमिका के रूखे बर्ताव के बाद कत्ल की साजिश रच डाली। 11 नवंबर को दोपहर करीब 3:00 बजे पूजा खेत से अपने छोटे भाई के साथ घर लौटी थी। इस दौरान देवराज उसकी गतिविधि पर नजर रखे हुए था। कुछ देर बाद पूजा का भाई खेत की ओर लौट गया। इसके बाद देवराज पूजा के घर में घुस गया। उसने धोखे से धारदार हथियार से पूजा का गला काट दिया। देवराज ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।