Police Flag Day : पुलिस महकमे के गौरवशाली इतिहास के प्रतीक ध्वज को दी गई सलामी
इतिहास एक संगठन को बनाता है। यह ध्वज हमारे चरित्र को दर्शाता है। यह हमारे उस गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है जिसमें हमने देश सेवा लोक सेवा में अपने कौशल शौर्य और कर्तव्यपरायणता से अप्रतिम योगदान दिया है।
मुरादाबाद, जेएनएन। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को महकमे ने पुलिस झंडा दिवस मनाया। पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में पहले एसएसपी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पुलिस ध्वज को सलामी दी गई। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को डीजीपी का संदेश पढ़कर सुनाया। इस मौके पर पुलिस के उच्चाधिकारियों और कर्मचारियों ने एक दूसरे को फ्लैग लगाया।
इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि इतिहास एक संगठन को बनाता है। यह ध्वज हमारे चरित्र को दर्शाता है। यह हमारे उस गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है, जिसमें हमने देश सेवा, लोक सेवा में अपने कौशल, शौर्य और कर्तव्यपरायणता से अप्रतिम योगदान दिया है। इसमें सर्वोच्च आत्म बलिदान भी सम्मिलित है। पुलिस झंडा दिवस का आयोजन पुलिस लाइन के अलावा पुलिस अकादमी, पीटीसी, पीटीएस समेत पीएसी की तीनों वाहिनियों व जिले के सभी थानों पर हुआ। सभी थानों में प्रभारियों के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
क्या है पुलिस झंडा दिवस
उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में 23 नवंबर का दिन काफी महत्व रखता है। वर्ष 1952 मेंं इसी िदिन देशा के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस और पीएसी को फ्लैग प्रदान किया था। तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को यह फ्लैग पुलिस और पीएसी के बलों द्वारा उनके शौर्य प्रदर्शन और उच्च कोटि की कर्तव्यपरायणता के फलस्वरूप दिए गए थे। तब से आज के दिन को झंडा दिवस के रूप में हर साल मनाया जाता है।