Lockdown: कृपया ध्यान दें,मैं दूध लेने जा रहा हूं, लाठीचार्ज न करें Moradabad News
कोरोना वायरस के चलते संपूर्ण भारत में लॉकडाउन है। बेवजह बाहर निकलने पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। भीड़ लगाने और समूहों में निकलने पर कई लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।
मुरादाबाद,जेएनएन। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन के बीच पुलिस की सख्ती से बचने को लोग अजब-गजब फार्मूले अपना रहे है। कोई गले में तख्ती तो कोई डाक्टर का पर्चा साथ लेकर चल रहा हैै।
सोशल मीडिया पर पुलिस की सख्ती और मारपीट की वीडियो तेजी से वायरल हो रही हैं। इस बीच आवश्यक कार्य के लिए भी लोगों को घर से निकलते डर लगने लगा है। ऐसा ही नजारा शुक्रवार को नगर से लेकर गांवों तक दिखाई दिया। एक व्यक्ति नगलिया में दूध डेयरी के निनकट दिखाई दिया, जोकि बच्चों के लिए दूध लेने निकला था। उसने गत्ते की तख्ती पर लिखकर लगा रखा था। कृप्या ध्यान दें मैं दूध लेने जा रहा हूं, लाठीचार्ज नहीं करें। हालांकि, इस तरह की तस्वीरे सोशल मीडिया पर सामने आने पर पुलिस ने सख्ती के बजाए लोगों को जागरूक कर घरों में रोकने का फार्मूला अपनाया। सीओ विशाल यादव के अनुसार लोग कोरोना वायरस की बीमारी की गंभीरता को लेकर जागरूक हैं। शतप्रतिशत लाकडाउन में लोगों का घरों मेें रहना उनकी जागरूकता का नतीजा हैै।
हर तरफ पुलिस सख्त
कोरोना के कहर के चलते सरकार की ओर से पूरे देश में लॉकडाउन कर दिया गया है। लोग बेवजह घरों के बाहर न निकलें पुलिस इस पर लगातार पैनी नजर बनाए हुई है। बेवजह घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई तो की ही जा रही है वाहनों को भी लगातार सीज किया जा रहा है। शहर में कई जगह ऐसी शिकायतें भी आ रहीं है जहां लॉकडाउन का उल्लंघन किया जा रहा है। घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुओं को लोगों के घरों तक पहुंचाया जा रहा है।