विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तुर्किए में गूंजेगी मुरादाबाद की आवाज, वैश्विक जलवायु सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी पायल राय

Published: Mon, 09 Nov 2026 10:22 PM (IST)

मुरादाबाद की शोध छात्रा पायल राय तुर्किये में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (COP-31) में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

पायल राय, भारतीय पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय पर्यावरण संरक्षण प्रयासों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगी।

पायल राय, भारतीय पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय पर्यावरण संरक्षण प्रयासों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगी।

HighLights

  1. पायल राय तुर्किये में COP-31 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

  2. भारतीय ज्ञान, पर्यावरण संरक्षण प्रयास वैश्विक मंच पर प्रस्तुत होंगे।

  3. जलवायु संकट समाधान में युवाओं की भागीदारी पर जोर देंगी।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय की ओर से पहली बार कोई प्रतिनिधित्व करेगा। भारतीय माडलों को वैश्विक मंच पर पहुंचाने के लिए मुरादाबाद की शोध छात्रा पायल राय तुर्किये जाएंगी। वह तुर्किये में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (सीओपी-31) में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

स्टूडेंट्स फॉर डेवलपमेंट (एसएफडी) की राष्ट्रीय संयोजिका पायल राय संगठन के प्रतिनिधिमंडल के साथ रवाना हो चुकी हैं और 20 नवंबर तक आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेंगी। यहां भारतीय पारंपरिक ज्ञान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और स्थानीय स्तर पर अपनाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय नीति-निर्माताओं के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

सम्मेलन में प्रकृति केंद्रित जीवनशैली, जल संरक्षण, वृक्ष संरक्षण, चक्रीय अर्थव्यवस्था और शून्य अपशिष्ट जैसी पहल प्रमुखता से रखी जाएंगी। संगठन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी नीतियों तक सीमित न रखकर आमजन और युवाओं की भागीदारी से प्रभावी बनाना है। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद की पीएचडी शोधार्थी और एसएफडी की राष्ट्रीय संयोजिका पायल राय ने कहा कि जलवायु संकट का समाधान केवल उपभोक्तावादी नीतियों से संभव नहीं है। इसके लिए संयमित जीवनशैली, संसाधनों का बेहतर उपयोग, चक्रीय अर्थव्यवस्था और स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

युवाओं को केवल जलवायु परिवर्तन पर चर्चा करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें नीतिगत फैसलों में भी भागीदारी मिलनी चाहिए। सम्मेलन के दौरान एसएफडी का प्रतिनिधिमंडल अंतरराष्ट्रीय युवा गोलमेज बैठकों, पैनल चर्चाओं और प्रदर्शनी में हिस्सा लेगा। इसके साथ ही एशिया, अफ्रीका, यूरोप और लैटिन अमेरिका के युवा संगठनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता कर वैश्विक छात्र नेटवर्क तैयार करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

इस अंतरराष्ट्रीय सहभागिता पर गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी और कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी ने पायल राय के प्रति हर्ष जताया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।