विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ना जेब में आईडी, ना कोई पता... फिर पैंट के इस एक सुराग और गूगल मैप से पुलिस ने ढूंढ निकाला मोहन पांडेय का घर

Published: Sun, 11 Oct 2026 10:33 PM (IST)

मुरादाबाद में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान पुलिस ने उसकी पैंट पर लगे टेलर के स्टीकर ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. नौकरी की तलाश में मुरादाबाद आए मोहन पांडेय की हादसे में गई थी जान

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक की जेब में पहचान का कोई प्रपत्र नहीं था। न नाम पता था और न घर-परिवार की जानकारी। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक को उसके अपनों तक पहुंचाने की थी।

तभी उसकी पैंट पर चिपका एक छोटा सा स्टीकर उम्मीद की किरण बनकर सामने आया। पुलिस ने इसी सुराग से गूगल मैप पर दुकान तलाश की और फिर इंटरनेट मीडिया के जरिये युवक के परिवार तक पहुंच गई।

शनिवार देर शाम चड्ढा मोड़ के पास रोडवेज बस की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई थी। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

तलाशी में उसकी पैंट पर न्यू नाॅवल्टी टेलर, पत्थरदेवा, देवरिया का स्टीकर मिला। पुलिस ने गूगल मैप से दुकान तलाश कर मोबाइल नंबर हासिल किया।

टेलर से संपर्क कर युवक का फोटो साझा किया और संबंधित थाने के प्रभारी निरीक्षक से बात की। इसके बाद मृतक का फोटो स्थानीय इंटरनेट मीडिया समूहों में प्रसारित किया गया।

कोशिश रंग लाई और युवक की पहचान ग्राम महुआ खुर्द, थाना बाघौचघाट, देवरिया निवासी मोहन पांडेय के रूप में हुई। वह ऋषिकेश पांडेय का पुत्र था और नौकरी की तलाश में मुरादाबाद आया था।

पुलिस ने उसके स्वजन को सूचना देकर बुला लिया। रोडवेज पुलिस चौकी प्रभारी प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि स्टीकर और इंटरनेट मीडिया की मदद से मृतक की पहचान कर स्वजन को सूचना दे दी गई।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद-हरिद्वार-देहरादून हाईवे का ठेका लेकर गायब हुआ ठेकेदार, PWD ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई FIR