तेंदुए के कारण रामपुर के इस इलाके के लोगों में दहशत, काम नहीं आ रही वन विभाग की तरकीब
वन विभाग भी तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। वन विभाग ने दो दिन पहले जंगल में पिंजरा लगाया था। इसके साथ ही वन विभाग के द्वारा लगातार जंगल में कांबिंग भी की जा रही है लेकिन तेंदुआ पिंजरे नहीं फंस सका है।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। रामपुर के मसवासी के वेलवाड़ा गांव में तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग के द्वारा पिंजरा लगाए हुए दो दिन बीत गए हैं, मगर तेंदुआ अभी तक पिंजरे में नहीं फंस सका है। इससे ग्रामीणों में दहशत है। वेलवाडा निवासी एडवोकेट दलजीत सिंह राणा ने बताया कि शुक्रवार की रात ग्रामीण बैलगाड़ियों से वापस अपने घर जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने तेंदुए को जंगल में टहलते हुए देखा। इससे दहशतजदा ग्रामीण किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंचे। इसके अलावा बुधवार की रात तेंदुए ने उनके पालतू कुत्ते को निवाला बना लिया था। हो सकता है कि तेंदुआ शिकार की तलाश में यहां पर फिर से आए।
वन विभाग भी तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। वन विभाग ने दो दिन पहले जंगल में पिंजरा लगाया था। इसके साथ ही वन विभाग के द्वारा लगातार जंगल में कांबिंग भी की जा रही है, लेकिन तेंदुआ पिंजरे नहीं फंस सका है। इससे ग्रामीणों को तेंदुए का भय लगातार सता रहा है। कुछ ग्रामीण, मजदूर बाहर काम करने के लिए जाते थे, वे भी घर से निकलते हुए कतरा रहे हैं। अब बस ग्रामीणों को जल्द से जल्द इस तेंदुए के पकड़े जाने का इंतजार है। स्वार वन क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह भंडारी व दरोगा शील कुमार ने शनिवार को भी टीम के साथ जंगल में कांबिंग की और वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे का भी निरीक्षण किया। स्वार वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि तेंदुए की तलाश में टीम के साथ जंगल में लगातार कांबिंग की जा रही है। हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द यह तेंदुआ पकड़ा जाए और ग्रामीणों के दिल से इसका भय निकल सके।