पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का विरोध, कांग्रेसियों ने किया अनोखा प्रदर्शन
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में विरोध को लेकर कांग्रेसियों ने आवाज उठाई। प्रदर्शन कर मूल्यों में कटौती करने की मांग की।
मुरादाबाद। पेट्रोल और डीजल की कीमत बढऩे के खिलाफ गुरुवार को कांग्रेसी सड़क पर उतरे। बैलगाड़ी, रिक्शा व साइकिल लेकर प्रदर्शन किया। गांधी मूर्ति के सामने धरना देकर राज्य और केंद्र सरकार की नीति का विरोध किया। पार्टी के राष्ट्रीय आवाह्न पर जिला अध्यक्ष विनोद गुम्बर व महानगर अध्यक्ष हाजी रिजवान कुरैशी कार्यकर्ताओं संग पीलीकोठी चौराहा पहुंचे। हाथों में पेट्रोल व डीजल मूल्य वृद्धि के पोस्टर व तख्तियों संग नारेबाजी की।
जिला अध्यक्ष विनोद गुम्बर ने कहा कि विश्व बाजार में कच्चे तेल की कीमत में कमी के बावजूद देश मे पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। यह आम आदमी के साथ धोखा है। सरकार किसान विरोधी है। रिजवान कुरैशी ने कैरोना त्रासदी के दौर में बढ़ी कीमत तत्काल वापस लिये जाने की मांग की। पुलिस बल ने बैलगाडिय़ों से प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद कांग्रेसी रिक्शा, साइकिल व पैदल ही कंपनी बाग गांधी स्मारक पर धरने पर बैठ गए। पुलिस वालों ने धरना समाप्त कर दिया। आंदोलन में अजय गोपाल रस्तोगी, अनिल शर्मा काले, राजेशपाल, तबस्सुम, नूरजहाँ, मुस्सबिर, जगजीत सिंह मुख्य रूप से शामिल रहे। बाद में जिला अध्यक्ष विनोद गुम्बर व्यापारियों के साथ सीओ कोतवाली से मुलाकात की। सावन महीने में शारीरिक दूरी के साथ पांच-पांच शिव भक्तों को शिवालयों में जाने की अनुमति मांगी।