Moradabad Smart City project : अब खुद जलेंगी और बुझेंगी शहर की स्ट्रीट लाइटें, इसी महीने शुरू होगा योजना पर काम
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत स्काडा योजना से महानगर की विद्युत आपूर्ति में सुधार पर भी काम होना है। इस दौरान नगर निगम के दफ्तर में कंट्रोल रूम बनाया जाना है। यहां ऐसे आधुनिक सिस्टम लगाए जाएंगे जिसके जरिए शाम होते ही महानगर की सभी स्ट्रीट लाइटें बंद हो जाएंगी।
मुरादाबाद, जेएनएन। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत स्काडा योजना से महानगर की विद्युत आपूर्ति में सुधार पर भी काम होना है। इस दौरान नगर निगम के दफ्तर में कंट्रोल रूम बनाया जाना है। यहां ऐसे आधुनिक सिस्टम लगाए जाएंगे, जिसके जरिए शाम होते ही महानगर की सभी स्ट्रीट लाइटें बंद हो जाएंगी और सुबह होने पर खुद ही जलनें लगेंगी। यह सारा सिस्टम रिमोट पर होगा। इससे बिजली की भी बचत होगी। इसी महीने इस योजना पर काम शुरू होने जा रहा है।
महानगर में 40 हजार 600 स्ट्रीट लाइटें लगी हैं। लेकिन, इनके दिन में जलने की शिकायतें आए दिन आती रहती हैं। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में इस समस्या को भी प्रमुखता से रखा गया है। मैसेज के माध्यम से कंट्रोल रूम में बैठा कंट्रोलर प्रभावित फीडर की पॉवर सप्लाई को तुरंत ही दूसरे बिजली घर से कनेक्ट कर देगा, जिससे उस क्षेत्र की पॉवर सप्लाई सुचारू बनी रहेगी। नगर आयुक्त संजय कुमार चौहान ने बताया कि स्काडा योजना के जरिए शहर की बिजली व्यवस्था में सुधार पर काम होगा। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के सहयोग से यह काम होना है। इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट(डीपीआर) तैयार कराई जाएगी। नगर निगम कार्यालय में इसके लिए कंट्रोल रूम बनेगा। इसी कंट्रोल रूम में कमांड सेंटर बनाया जाएगा। यह सारा सिस्टम रिमोर्ट पर रहेगा। इस योजना का काम पूरा होने के बाद महानगर की विद्युत व्यवस्था में सुधार होगा। इस नए आधुनिक सिस्टम के चालू होने के बाद खुद स्ट्रीट लाइटें जला करेंगीं। अपने आप ही स्ट्रीट लाइटें बंद होंगी।
केंद्र का मेगा प्रोजक्ट है स्काडा
स्काडा केंद्र सरकार का मेगा प्रोजेक्ट है। योजना का उद्देश्य पूरे देश में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार करना है। बिजली व्यवस्था में सुधार के साथ फीडरों को सिस्टम से लाने के लिए काम होगा। इंटरनेट के जरिए बिजली आपूर्ति के सभी यंत्रों को एडवांस टेक्नोलॉजी के माध्यम से वन हैंड कंट्रोलिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा।
इस तरह करेगा काम
नगर आयुक्त के मुताबिक स्काडा से बड़ा फायदा होगा। बिजली की बजत के साथ लोकल फॉल्ट की वजह से आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी। महानगर के किसी भी बिजली घर या फीडर पर कोई भी टेक्निकल फॉल्ट आते ही इसका मैसेज कंट्रोल रूम की स्क्रीन पर नजर आने लगेगा। मैसेज मिलते ही बिजली आपूर्ति दूसरे फीडर से जोड़ा जाएगा।