चिकित्सक के बेटे ने हासिल की सिविल सर्विसेज में 232वीं रैंक
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा शुक्रवार को जारी किए गए परिणाम में छजलैट के कुड़ामीरपुर के रहने वाले गौरव त्यागी ने सफलता हासिल की है।
मुरादाबाद । संघ लोक सेवा आयोग द्वारा शुक्रवार को जारी किए गए परिणाम में छजलैट के कुड़ामीरपुर के रहने वाले गौरव त्यागी ने सफलता हासिल की है। परीक्षा में उन्होंने 232वीं रैंक हासिल की है। सफलता पर परिवार में जश्न का माहौल है। वर्तमान में दिल्ली म्यूनिसिपल काउंसिल में उनकी असिस्टेंट कमिश्नर की ट्रेनिंग चल रही है।
गौरव के पिता डॉ. कपिल त्यागी चिकित्सक हैं। वहीं मां राजबाला त्यागी गृहणी हैं। वर्तमान में परिवार हिमगिरी कॉलोनी में रहता है। गौरव ने यूपीएसी के तीसरे प्रयास में यह रैंक हासिल की है। इसके पहले वर्ष 2016 में उन्होंने इसी परीक्षा में 522वीं रैंक हासिल की थी। 2016 में ही उन्होंने आइईएस में 10वीं रैंक हासिल की। गौरव ने वर्ष 2011 में बारहवीं की परीक्षा एसएस चिल्ड्रेन एकेडमी से उत्तीर्ण की। उसके बाद आइआइटी बीएचयू से बीटेक किया। गौरव की एक बड़ी बहन खुशबू त्यागी और छोटा भाई सौरभ त्यागी हैं। भाई-बहन में गौरव दूसरे नंबर पर हैं।
परीक्षा में सफलता पर फोन से हुई बातचीत में गौरव ने बताया कि इंटर के बाद से ही सिविल सर्विसेज की परीक्षा की तैयारी में जुट गया, जिसका हमें लाभ मिला। उन्होंने कहा कि यह गर्व के क्षण हैं। आज मेहनत सफल हो गई। 232वीं रैंक आने पर उन्होंने आइपीएस पद मिलने की उम्मीद जताई। बेटे की सफलता पर पिता डॉ. कपिल का सीना भी गर्व से चौड़ा है। बेटे की सफलता की जानकारी मिलते ही घर पर बधाई देने वालों का तांता लगने लगा। पोते की सफलता पर गौरव के बाबा जसवंत सिंह ने भी खुशी का इजहार किया।