विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद और हापुड़ को मिलेंगे 'न्यू' रेलवे स्टेशन: गाजियाबाद-सीतापुर रूट पर 14,926 करोड़ का बड़ा प्लान, जगह चिह्नित

Published: Thu, 24 Sep 2026 10:22 PM (IST)

गाजियाबाद-सीतापुर के बीच तीसरी-चौथी रेल लाइन परियोजना के तहत मुरादाबाद और हापुड़ में नए रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे। इस 14,926 ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक इमेज

प्रतीकात्‍मक इमेज

HighLights

  1. तीसरी-चौथी रेल लाइन के साथ न्यू मुरादाबाद और न्यू हापुड़ स्टेशन बनाने की तैयारी

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। गाजियाबाद से सीतापुर के बीच प्रस्तावित तीसरी और चौथी रेल लाइन के लिए मुरादाबाद और हापुड़ में नए स्टेशन बनाए जाएंगे। इसको रेलवे के बजट 2026-27 में प्रस्तावित किया गया था। रेलवे ने न्यू मुरादाबाद और न्यू हापुड़ स्टेशन के लिए स्थान चिह्नित कर लिए हैं।

नई रेल लाइन इन स्टेशनों के आसपास से होकर गुजरेगी। इससे मौजूदा व्यस्त स्टेशनों को बाईपास कर ट्रेनों के संचालन के लिए अलग मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। न्यू मुरादाबाद स्टेशन के लिए दलपतपुर-मूंढापांडे के बीच जगह चिह्नित की गई है।

केंद्र सरकार ने अप्रैल में गाजियाबाद-सीतापुर तीसरी-चौथी लाइन परियोजना को मंजूरी दी थी। 403 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर करीब 14,926 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं।

रेलवे के अनुसार वर्तमान रेल मार्ग की क्षमता का इस्तेमाल 168 प्रतिशत तक पहुंच गया है। आने वाले समय में इसके 207 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। इसी को देखते हुए अतिरिक्त रेल लाइन बिछाने की योजना बनाई गई है।

परियोजना के अंतर्गत मुरादाबाद और हापुड़ के अलावा न्यू रामपुर, न्यू बरेली, न्यू शाहजहांपुर और न्यू सीतापुर स्टेशन भी बनाए जाने प्रस्तावित हैं। योजना में हापुड़, सिंभावली, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर और सीतापुर के मौजूदा व्यस्त स्टेशनों को बाईपास करने की व्यवस्था की गई है।

मुरादाबाद के लिहाज से नई रेल लाइन बनने का असर ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ेगा। वर्तमान दोहरी लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों के संचालन के दौरान कई बार ट्रेनों को स्टेशनों पर रोकना पड़ता है।

अतिरिक्त लाइन उपलब्ध होने पर मालगाड़ियों समेत अन्य ट्रेनों के लिए अलग मार्ग मिल सकेगा। इससे मुख्य रेल लाइन पर संचालन का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

परियोजना के तहत कुल 859 किलोमीटर ट्रैक बिछाया जाना है। रेलवे के मुताबिक नई लाइन बनने से माल ढुलाई की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही सड़क परिवहन की तुलना में हर साल करीब 2,877 करोड़ रुपये की लाजिस्टिक लागत बचने का अनुमान है।

मुरादाबाद में नई रेल लाइन और स्टेशन के लिए भूमि संबंधी प्रक्रिया भी पहले से चल रही है। अक्टूबर 2025 में रेलवे ने गाजियाबाद-मुरादाबाद, मुरादाबाद-रोजा और रोजा-सीतापुर के कुल 402.78 किलोमीटर रेलखंड को विशेष रेलवे परियोजना घोषित किया था।

इसके साथ ही जमीन अधिग्रहण के लिए अधिसूचना भी जारी की गई थी। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि न्यू मुरादाबाद स्टेशन के लिए जगह चिह्नित कर ली गई। तीसरी और चौथी रेल लाइन के लिए अलग से न्यू मुरादाबाद स्टेशन बनने से मालगाड़ियों का संचालन भी सुचारू हो सकेगा।

यह भी पढ़ें- 'I Hate Ghoos': मुरादाबाद के नए DM अनुनय झा ने पहले ही दिन अफसरों की लगाई क्लास, दिया 2 दिन का अल्टीमेटम