नेपाल के होटल से 15 राज्यों में ठगी: मुरादाबाद के कारोबारी से 1.64 करोड़ लूटने वाले गिरोह पर 1100 पन्नों की चार्जशीट
मुरादाबाद के एक कारोबारी से 1.64 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले नेपाल स्थित साइबर गिरोह के आठ सदस्यों के खिलाफ 1100 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई है।

एआई इमेज
HighLights
नेपाल में होटल में रहकर वहां के वाई-फाई का इस्तेमाल करके करते थे वाट्सएप पर काॅल
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। कारोबारी से 1.64 करोड़ रुपये ठगने वाले ठग नेपाल में बैठकर मुरादाबाद ही नहीं पूरे देश के करीब 15 राज्यों के लोगों से ठगी कर चुके हैं। यह नेपाल के होटल का वाई-फाई इस्तेमाल करके लोगों को वाट्सएप पर काल करते थे और शेयर बाजार में निवेश कराने के नाम पर लोगों से रुपये ठग रहे थे। मुरादाबाद के कारोबारी से विदेश में प्रापर्टी पर निवेश के नाम पर जुलाई 2025 को 1.64 करोड़ की ठगी हुई थी।
इस मामले में पुलिस ने नाजिम, खिलाफत, अमन, अदनान, अहद मुहम्मद सलीम अंसारी, सुरेश देवेंद्र शिंगारे, अंकित सोनी और अभिषेक के खिलाफ 1100 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है। आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन से कई अहम साक्ष्य मिले है जिसे पुलिस ने चार्जशीट में शामिल किया है।
गलशहीद क्षेत्र के एक हैंडीक्राफ्ट कारोबारी से साइबर ठगों ने जुलाई 2025 में निवेश कराने का झांसा देकर 1.64 करोड़ रुपये डग लिए थे। ठगों ने कारोबारी से वाट्सएप के जरिए संपर्क किया था।
लिंक भेजकर आनलाइन कारोबार की शुरुआत कराई थी। पहले मुनाफा दिखाया और बाद में रुपये ठग लिए थे। इस मामले में साइबर थाने की पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
इसके बाद पुलिस ने नाजिम अली निवासी नियर जमाली मस्जिद मियां कालोनी करुला मझोला मुरादाबाद, खिलाफत निवासी वार्ड नंबर 13 नई बस्ती थाना कोतवाली जसपुर उधम सिंह नगर उत्तराखण्ड, अमन निवासी वार्ड नंबर- चार जुलाहान जसपुर खुर्द उधम सिंह नगर उत्तराखण्ड, अदनान हुसैन निवासी मुहल्ला नई बस्ती अर्मतपुर पट्टी जसपुर उधमसिंह नगर उत्तराखण्ड, अहद मुहम्मद सलीम अंसारी मुंबई छह, सुरेश देवेंद्र शिंगारे मुंबई, अंकित सोनी निवासी मध्य प्रदेश, अभिषेक निवासी मध्य प्रदेश, सुरेश देवेंद्र शिंगारे मुंबई को गिरफ्तार करके जेल भेजा था।
पुलिस ने अब इनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट के अनुसार यह पुलिस से बचने के लिए नेपाल के एक होटल में रहते थे। वहां का वाई-फाई इस्तेमाल करते थे।
ठगी करके जिन बैंक खातों में यह रुपये मंगवाते थे उन बैंक खाता धारकों को भी अपने साथ नेपाल होटल में रखते थे। ठगी की रकम का दो प्रतिशत बैंक खाता धारकों को देते थे और रुपये निकालने के बाद उन्हें भेज देते थे।
मुरादाबाद के कारोबारी के 1.64 करोड़ रुपये 21 बैंक खातों में गए थे। विवेचक अनुज मलिक ने बताया कि आठ आरोपितों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है।
यहां पर की थी ठगी
मुरादाबाद, हरियाणा गुरुग्राम, तमिलनाडु, फिरोजाबाद नार्थ, गुजरात, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, तेलंगाना, बृहन्मुंबई शहर, साइबर पुलिस थाना, सेंट्रल रीजन चेन्नई, नागपुर शहर, लुधियाना समेत सभी के खिलाफ 15 से अधिक स्थानों पर की ठगी की प्राथमिकी दर्ज है।
मुरादाबाद में गिरफ्तारी होने के बाद यहां की पुलिस ने भी जेल में आकर इनसे पूछताछ की थी। मुरादाबाद साइबर पुलिस ने अपनी चार्जशीट में देश में अलग-अलग जगह कर ठगी का भी विवरण दिया है। जिससे पुलिस कोर्ट में यह साबित कर सके कि यह पेशेवर ठग है।
टेलीग्राम चैनल के माध्यम से संपर्क में आए थे सभी ठग
आठों आरोपित इन घटना से करीब चार साल पहले से ठगी कर रहे हैं। जसपुर के खिलाफत का एक टेलीग्राम पर चैनल था। जिसके माध्यम से यह सभी आरोपित जुड़े थे। अभी तक की जांच में पुलिस के यह आठ लोगों के नाम आए है।
भले ही पुलिस ने इन आठों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी हो, लेकिन अभी पुलिस की जांच चल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि गिरोह में कुछ और आरोपित हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में धान खरीद में खेल: एक ही गांव में खोले 2-2 केंद्र, 28 केंद्रों पर सिर्फ 15 प्रभारी
