अटल गौरव पथ बनेगा महानगर की पहचान
नगर निगम महानगर में अटल गौरव पथ का निर्माण कराने जा रहा है।
मुरादाबाद । नगर निगम महानगर में अटल गौरव पथ का निर्माण कराने जा रहा है। इसके लिए प्रमुख सड़क के चयन की प्रक्रिया चल रही है। मंगलवार को नगर आयुक्त संजय चौहान ने टीम के साथ तीन प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कर अटल गौरव पथ के मानकों के अनुरूप संभावनाओं को परखा।
अभी तीन रोड में से एक रोड को अटल गौरव पथ के रूप में विकसित किया जाना है। इनमें पीएसी चौराहे से सिविल डिफेंस चौराहा तक मंडलायुक्त आवास रोड, कांठ रोड और पीली कोठी से लेकर चौराहे से कपूर कंपनी तक शामिल हैं। नगर आयुक्त के साथ निगम के इंजीनियर भी थे। इस पथ को महानगर के सर्वश्रेष्ठ मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा, जो शहर की पहचान बन सके। नगर आयुक्त ने बताया कि पहले चरण में एक सड़क को अटल गौरव पथ के रूप में तैयार किया जाएगा। इसके बाद अन्य सड़कों का चयन होगा।
ये होगी खासियत
सड़क नए सिरे से आधुनिक तकनीक से तैयार होगी। दोनों ओर फुटपाथ बनेगा और पेड़ पौधे के साथ हरियाली लगाई जाएगी। स्ट्रीट लाइट की विशेष व्यवस्था होगी। एलइडील लाइट लगाई जाएंगी। ऑटो स्टैंड बनेंगे। बीच-बीच में बुजुर्गो के बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। अटल गौरव पथ से सभी प्रकार के तार हटेंगे। उन्हें अंडरग्राउंड कवर करके लगाया जाएगा। इसके लिए सड़क के किनारे पर बड़ा सीमेंटेड अंडर ग्राउंड लाइन बनेगी।
निगम की नर्सरी का भी होगा कायाकल्प
नगर आयुक्त ने कंपनी बाग के नजदीक नगर निगम की नर्सरी को भी देखा। उन्होंने बताया कि नर्सरी पूरी तरह से उजड़ चुकी है। कई मालियों की तैनाती होने के बावजूद उसमें पौधे तक नहीं हैं। इस नर्सरी को नए सिरे से तैयार कराया जाएगा। नगर निगम अपने पौधे तैयार कराकर शहर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए प्रयोग करेगा। इसके लिए मालियों की चयन प्रक्रिया भी चल रही है। इसके लिए अलग से प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा।