घर में नए मेहमान के स्वागत की थी तैयारी, प्रसव के दौरान चली गई जच्चा-बच्चा की जान, अस्पताल में हंगामा Sambhal News
परिजनों व डॉक्टरों के बीच वार्ता हुई और बाद में लोग शव लेकर चले गए। कोतवाल धर्मपाल सिंह ने बताया कि कार्रवाई के लिए तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
सम्भल, जेएनएन। जिले के चन्दौसी कोतवाली क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। मौत से गुस्साए परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही करने का आरोप लगाते हुुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में डॉक्टरों व परिजनों के बीच समझौता हो गया। लोग शव लेकर चले गए।
बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव जनेटा निवासी दानिश की पत्नी रुबी (22) को गुरुवार की रात प्रसव पीड़ा हुई। परिजन गर्भवती को लेकर शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे। उस समय महिला की बीपी अधिक था। ऐसे में डॉक्टर ने पहले महिला का बीपी कंट्रोल किया और उसके बाद शुक्रवार के तड़के प्रसव के लिए महिला का ऑपरेशन किया। तभी जच्चा व बच्चा की मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। जानकारी होने पर गांव के लोग भी पहुंच गए। लगभग दो घंटे तक अस्पताल में हंगामा होता रहा। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार्रवाई करने की बात कहते हुए किसी तरह लोगों को शांत किया।
एक साल पहले ही हुई थी शादी
दानिश की शादी एक साल पहले ही बिलारी के गांव नौशेना निवासी रुबी से हुई थी। दानिश पिता बनने वाला था। ऐसे में परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन जैसे ही शुक्रवार को जच्चा और बच्चा की मौत हुई तो यह खुशी गम में बदल गई और सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।