Fastag News : फास्टैग लगवाने के लिए सवा महीने का और मिला समय, जानिये कब तक लगवा सकेंगे
Fastag News केंद्र सरकार ने लोगों को राहत देते हुए फास्टैग सिस्टम पूरी तरह से लागू करने की तारीख सवा महीने बढ़ा दी है। यानी अब इस सिस्टम को पूरी तरह से 15 फरवरी को लागू किया जाएगा। इस बीच सभी वाहन स्वामी अपने फास्टैग लगवा लें।
मुरादाबाद, जेएनएन। Fastag News : सभी टोल प्लाजा पर फास्टैग सिस्टम को केंद्र सरकार अनिवार्य करने की तैयारी में है। वर्तमान में जिनके वाहन में फास्टैग नहीं लगा है उनके लिए अलग से टोल प्लाजा पर सिर्फ एक लेन रखी गई है। उस पर दोगुना चार्ज देना होता है। हालांकि केंद्र सरकार ने 31 दिसंबर तक इसमें छूट दे रखी थी। सभी से इस तारीख तक फास्टैग लगवाने के लिए कहा गया था। इसके लिए जोर शोर से अभियान भी चल रहा था। सभी टोल प्लाजा पर काउंटर लगाए गए थे, जो तत्काल वाहन में फास्टैग लगा रहे थे। इन्हीं तैयारियों के बीच 31 दिसंबर को केंद्र सरकार ने लोगों को राहत देते हुए फास्टैग सिस्टम पूरी तरह से लागू करने की तारीख सवा महीने बढ़ा दी है। यानी अब इस सिस्टम को पूरी तरह से 15 फरवरी को लागू किया जाएगा। टोला प्लाजा के प्रबंधक प्रवीण जिंदल ने बताया कि इस बीच सभी वाहन स्वामी अपने फास्टैग लगवा लें। हम इसके बाद भी आने-जाने के लिए सिर्फ एक-एक लेन ही कैश की रखेंगे ताकि निर्धारित समय तक लक्ष्य पूरा हो जाए और शत प्रतिशत लोगों के वाहनों पर फास्टैग लग जाएंं। इसके अलावा भी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने फास्टैग का समय बढ़ाने के साथ कई और सुविधाएं देने की भी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि फास्टैग किसी भी टोल प्लाजा के काउंटर से बनवाया जा सकता है। इसके अलावा निजी और सरकारी बैंक भी फास्टैग बनवाती हैं। इसके लिए बैंक में आवेदन करना होता है। साथ ही ऑनलाइन भी बनवाया जा सकता है। साथ ही विभिन्न पेमेंट एप भी इसे बनवा रहे हैं। सभी जगह लोगों को अलग-अलग सुविधाएंं दी जा रही हैं।