बदइंतजामी के चलते ट्रेन में नहीं चढ़ पाए 100 से अधिक यात्री
बदइंतजामी के चलते ट्रेन में नहीं चढ़ पाए 100 से अधिक यात्री।
मुरादाबाद, जेएनएन। निर्धारित संख्या से अधिक यात्रियों को स्टेशन पर पहुंचाए जाने से स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। रेलवे प्रबंधन के तय सीमा से अधिक यात्रियों को बैठाने से इन्कार के बाद शेष यात्रियों को निराश लौटना पड़ा। हालांकि उन्हें अगली ट्रेन के चलने तक आश्रय स्थल तक पहुंचा दिया।
शनिवार को सहारनपुर से कटिहार के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाई गई। ट्रेन में मुरादाबाद में 282 यात्रियों और शाहजहांपुर में 80 यात्रियों को सवार होना था। मुरादाबाद जिला प्रशासन ने श्रमिक स्पेशल ट्रेन में भेजने के लिए चार सौ यात्रियों को बुला लिया। रेलवे प्रशासन ने 282 यात्रियों को स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद प्रतीक्षालय में बैठा लिया। सवा सौ से अधिक यात्रियों को बाहर ही रोक दिया गया। जिसमें 39 यात्री मेरठ से मुरादाबाद आए थे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन लक्ष्मी शंकर सिंह ने रेलवे अधिकारियों को बताया कि शाहजहांपुर में 40 कम यात्री पहुंचे हैं, उसके स्थान पर मुरादाबाद के 40 यात्रियों को ट्रेन में सवार करा दिया जाए। रेल प्रशासन ने नियम का हवाला देते हुए 282 से अधिक यात्रियों को बैठाने से इन्कार दिया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) लक्ष्मी शंकर सिंह ने हमने सहारनपुर प्रशासन से मुरादाबाद के चार सौ यात्रियों के लिए टिकट भेजने को कहा था लेकिन, टिकट कम भेजी गई। जो यात्री आज नहीं जा पाए हैं, उन्हें रविवार को मेरठ से गया होकर धनबाद जाने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन से भेजा जाएगा। बचे हुए यात्रियों को रविवार को दोपहर में बुलाया गया है।