मुरादाबाद में अचानक बदला मौसम, सुबह से छाई धुंध, नवंबर के अंतिम सप्ताह में हो सकती है बारिश
Moradabad Weather News मौसम ने अचानक से रुख बदल लिया। बुधवार को जब लोग घरों से बाहर निकले तो कोहरा मिश्रित धुंध से सामना हुआ। तापमान में भी थोड़ी सी गिरावट आई पर यह कोहरे के कारण नहीं है।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। Moradabad Weather News : मौसम ने अचानक से रुख बदल लिया। बुधवार को जब लोग घरों से बाहर निकले तो कोहरा मिश्रित धुंध से सामना हुआ। तापमान में भी थोड़ी सी गिरावट आई, पर यह कोहरे के कारण नहीं है।
क्या है धुंध कारण
मौसम विज्ञानी धुंध का कारण हवा में घुले प्रदूषण, आसमान में छाए बादल और हवा नहीं चलने को बता रहे हैं। आगे एक सप्ताह तक मौसम इसी प्रकार बने रहने की संभावना है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की वर्षा की संभावना जताई, इससे हवा में घुले प्रदूषण में कमी आएगी। इसके साथ ही तापमान में गिरावट के साथ कोहरा घिरेगा।
दिसंबर के पहले सप्ताह से बढ़ेगी ठंड
दिसंबर के पहले सप्ताह से पहाड़ों पर बर्फबारी होन के बाद तेजी से तापमान में गिरावट आएगी। तब कोहरा आना शुरू होगा। पिछले कुछ दिन से बादल छाए रहने के कारण आर्द्रता का स्तर बढ़ा हुआ था। मंगलवार रात से ही धुंध छाना शुरू हो गई और सुबह तक घनी हो गई। सुबह लोग बाहर निकले तो मौसम अन्य दिनों की तुलना में बदला हुआ था।
अभी कोहरा नहीं आया
कोहरा और प्रदूषण के कारण स्माॅॅग छाया हुआ था। हालांकि, सुबह के तापमान में मात्र एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। धूप न निकलने के कारण थोड़ा ठंड का अहसास हुआ। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के डा. आरके सिंह ने बताया कि अभी कोहरा नहीं आया है। सभी जगह धुंध (जिसे स्माग भी कहा जाता है) छाई हुई है।
बादल छाने और हवा में घुले प्रदूषण के कण वायुमंडल में ऊपर के बजाय नीचे ही घुमड़ने के कारण ऐसा हो रहा है। आने वाले कुछ दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ उत्पन्न होने की परिस्थितियां बनना शुरू हो गई हैं। जिसका प्रभाव अफगानिस्तान और पाकिस्तान में दिखाई देने लगा है।
नवंबर के अंतिम सप्ताह में हो सकती है बारिश
इसके कारण नवंबर के अंतिम सप्ताह में उत्तर क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना है। धुंध छंटने के साथ ही तापमान में गिरावट आएगी। इस महीने के अंतिम दिनों में कोहरा छाने लगेगा। दिसंबर में पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है, इससे शीत लहर चलेगी। धुंध स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इससे बचाव के लिए उपाय करें। मास्क लगाकर निकलें तो बेहतर रहेगा। मुरादाबाद की हवा का गुणवत्ता सूचकांक देर शाम तक 196 पर पहुंच गया। एक दो दिन में हवा की स्थिति और खराब हो सकती है।