विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए उमड़े युवा: मुरादाबाद में एक दिन में आए 6400 फॉर्म, अब 24 अक्टूबर को मौका

Published: Sat, 17 Oct 2026 11:06 PM (IST)

मुरादाबाद में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें एक दिन में 6400 आवेदन प्राप्त ...और पढ़ें

महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज में बैठे बीएलओ।

महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज में बैठे बीएलओ।

HighLights

  1. नए मतदाता बनाने के लिए कुल 4,753 आवेदन, संशोधन के लिए 861 फार्म मिले

जागरण टीम, मुरादाबाद। लोकतंत्र में भागीदारी की पहली सीढ़ी यानी मतदाता बनने के लिए शनिवार को जिलेभर में खूब हलचल रही। कहीं युवा पहली बार मतदाता बनने के लिए बूथ पर पहुंचे तो कहीं मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरण दुरुस्त कराने के लिए आवेदन किए गए। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष अभियान दिवस पर जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 6400 आवेदन प्राप्त हुए।

इनमें सबसे ज्यादा 4753 आवेदन नए मतदाता बनने के लिए फार्म-6 के थे। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 774 और विवरण में संशोधन के लिए 861 फार्म-8 जमा किए गए। प्रवासी भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 12 आवेदन भी मिले हैं।

नए मतदाता बनने के लिए मुरादाबाद नगर विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे रहा। यहां 1143 लोगों ने फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की पहल की।

कुंदरकी में 935, कांठ में 739, मुरादाबाद ग्रामीण में 681, ठाकुरद्वारा में 661 और बिलारी में 594 आवेदन प्राप्त हुए। आंकड़े बता रहे हैं कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को लेकर जिलेभर में लोगों ने रुचि दिखाई।

कुंदरकी जेएम इंटर कालेज मे कार्य करते बीएलओ।

महानगर के महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में बीएलओ निर्धारित समय पर मौजूद रहे। यहां करीब 20 लोग फार्म-6 और फार्म-8 भरने पहुंचे। आरएसडी में भी नए मतदाता बनने के लिए लोगों ने आवेदन किए।

हालांकि, शहर के सभी बूथों पर एक जैसी भीड़ नहीं रही। कहीं लोग जानकारी लेने और फार्म भरने पहुंचे तो कहीं दोपहर बाद अपेक्षाकृत कम गतिविधियां नजर आईं।

विशेष अभियान के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने मुरादाबाद नगर विधानसभा क्षेत्र के आरएन इंटर कालेज स्थित मतदेय स्थल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ सूची को अद्यतन बनाना रहा।

नाम हटाने में ठाकुरद्वारा, संशोधन में कांठ विधानसभा सबसे आगे

कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के 447 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए गए। नगर क्षेत्र के 26 बूथों पर भी आवेदन लिए गए। सुपरवाइजर ऋषि राम के अनुसार, बूथ संख्या 431 से 440 तक 23 नए मतदाता बनाए गए।

बूथ संख्या 437 से 442 तक बीएलओ मुनाजिर खां, नरगिस, नसीम फात्मा और मुनाजिर हुसैन ने पुनरीक्षण का कार्य किया। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए ठाकुरद्वारा में सबसे ज्यादा 181 आवेदन मिले।

कांठ विधान क्षेत्र में मतदान में बैठे बीएलओ।सौ.स्वयं

कुंदरकी में 179, बिलारी में 173, कांठ में 146, मुरादाबाद ग्रामीण में 49 और मुरादाबाद नगर में 46 आवेदन आए। वहीं, नाम-पते समेत अन्य विवरणों में संशोधन के लिए कांठ 282 आवेदनों के साथ सबसे आगे रहा।

ठाकुरद्वारा में 137, कुंदरकी में 136, मुरादाबाद नगर में 134, बिलारी में 103 और मुरादाबाद ग्रामीण में 69 आवेदन प्राप्त हुए। डिलारी के सर्वोदय इंटर कॉलेज में तरुण कुमार और अंकुर कुमार ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया।

दोनों ने बताया कि फार्म भरने में कोई परेशानी नहीं हुई। दूसरी ओर, महमूदपुर माफी मबीएलओ मोहम्मद अनस और संजीव कुमार ने आधार कार्ड तथा घोषणा पत्र से जुड़ी प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी।

अब 24 अक्टूबर को फिर विशेष अभियान दिवस आयोजित होगा। ऐसे में जिन पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं या जिनके विवरण में त्रुटि है, उनके पास आवेदन करने का एक और मौका रहेगा।

यह भी पढ़ें- दूसरों के घरों में चौका-बर्तन कर मां ने बेटी को बनाया ऑलराउंडर, मुरादाबाद में U-19 क्रिकेट में गदर मचा रही झांसी की 'साक्षी'