28 को थी बेटी की शादी, BLO ड्यूटी में तैनात शिक्षक की मौत, अब पत्नी ने निर्वाचन अधिकारी को लेटर में कही ये बात
मुरादाबाद में बीएलओ ड्यूटी पर तैनात शिक्षक जाकिर हुसैन की हृदयघात से मृत्यु हो गई। उनकी पत्नी शहाना बी ने ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। बीएलओ ड्यूटी में तैनात शिक्षक जाकिर हुसैन की हृदयघात से मृत्यु हो गई। पत्नी शहाना बी ने पति की मौत का कारण एसआइआर कार्य की अधिकता व उच्चाधिकारियों का दबाव बताया है। कहा कि इसी के चलते पति को दिल का दौरा पड़ा और उनकी मृत्यु हो गई।
हालांकि, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गौतम का कहना है कि जाकिर हुसैन का काम अच्छा था। उन्हें कभी कोई नोटिस नहीं जारी हुआ। उनकी ओर से कभी ड्यूटी हटाने या काम के दबाव के संबंध में कोई पत्राचार नहीं किया गया। घरवालों ने दिल का दौरा पड़ने से निधन की बात बताई है। जाकिर की बड़ी बेटी अजरा की 28 मार्च को शादी तय थी।
बीएलओ ड्यूटी के पद पर थे कार्यरत
सोनकपुर हरथला गली नंबर-3 निवासी शहाना बी ने जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी को लिखे पत्र में बताया कि पति जाकिर हुसैन सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय नवाबपुरा में शिक्षक थे। मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर प्राथमिक विद्यालय नवाबपुरा के ही कक्षा संख्या-2, भाग संख्या-310 विधानसभा 27 मुरादाबाद ग्रामीण में बीएलओ ड्यूटी के पद पर कार्यरत थे।
बीएलओ के कार्य की अधिकता के कारण ही वह अक्सर देररात तक एसआइआर का कार्य करते थे। कार्य की अधिकता के कारण एवं उच्चाधिकारियों के दबाव के चलते पति बहुत तनाव में रहते थे। इसी के चलते शनिवार की रात साढ़े नौ बजे एसआइआर का कार्य करते समय ही दिल का दौड़ा पड़ने की वजह से उनकी मृत्यु हो गई।
बताया कि बड़ी बेटी अजरा की शादी 28 मार्च को होना तय है। घर पर अब कोई कमाने वाला भी नहीं है। अनुरोध करते हुए कहा कि ऐसे में वर्तमान दयनीय स्थिति को देखते हुए आर्थिक मदद दिलाने की के साथ बेटी को सरकारी नौकरी दिलाने की कार्यवाही की जाए जिससे पारिवार का पालन-पोषण हो सके। बातचीत में बड़ी बेटी अजरा ने बताया कि पिता की तबीयत बिगड़ते ही उन्हें सभी सिद्ध अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।
यह भी पढ़ें- युद्ध में फंसे अपनों के लिए परिजन परेशान, सलामती के लिए कर रहे दुआ, कमाई-पढ़ाई के लिए गए थे खाड़ी देश
रविवार को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। इधर, जाकिर की मौत की जानकारी पर नायब तहसीलदार सूरज मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। बड़ी बेटी अजरा एमएसी और बीएड पास हैं। दूसरे नंबर की बेटी बुशरा चांदपुर से बीएड कर रहीं हैं जबकि तीसरे नंबर की बेटी रुसदा की हाल में ही हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा संपन्न हुई है।
