विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वाइन फ्लू से मुरादाबाद में तीसरी मौत: 88 वर्षीय महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Published: Fri, 18 Sep 2026 04:40 PM (IST)

मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू से तीसरी मौत दर्ज की गई है, जहाँ एक 88 वर्षीय महिला ने निजी अस्पताल में ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

HighLights

  1. आठ दिन पहले गंभीर हालत में निजी अस्पताल में कराया गया था भर्ती

  2. गुर्दों में संक्रमण की भी थी परेशानी, तेज बुखार और खांसी से थीं पीड़ित

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जिले में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार चिंता बढ़ा रहा है। स्वाइन फ्लू से संक्रमित 88 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। महिला को करीब आठ दिन पहले गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उपचार के दौरान उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और गुरुवार को उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 88 वर्षीय महिला को कई दिनों से तेज बुखार और खांसी की परेशानी थी। हालत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। महिला को पहले से गुर्दों में संक्रमण की भी परेशानी बताई जा रही है। गंभीर हालत में उनका उपचार चल रहा था। चिकित्सकों की निगरानी में इलाज के बावजूद उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही।

स्वास्थ्य विभाग ने महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद मामले की जानकारी जुटाई है। साथ ही उनके संपर्क में रहे लोगों के संबंध में भी जानकारी ली जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी जांच कराई जा सके।

स्वास्थ्य विभाग लोगों से बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी होने पर लापरवाही न करने की अपील कर रहा है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा प्रवीण श्रीवास्तव के अनुसार, स्वाइन फ्लू के लक्षण सामान्य वायरल बुखार से मिलते-जुलते हो सकते हैं।

इसलिए लंबे समय तक बुखार, लगातार खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। समय पर जांच और उपचार से संक्रमण की गंभीरता को कम किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- ₹8.90 करोड़ का बीमा, किराये का मकान और रहस्यमयी मौत: मुरादाबाद में संभल जैसे 'मर्डर फॉर क्लेम' का शक!