UP Scholarship: स्कॉलरशिप के आवेदन के लिए फिर खुली खिड़की, 17 नवंबर तक नए विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति आवेदन की संशोधित समय-सारिणी जारी हो गई है। नए आवेदन ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
नए छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 17 नवंबर निर्धारित।
नवीनीकरण के लिए छात्र 20 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
छात्रवृत्ति की धनराशि 25 से 31 जनवरी 2027 तक मिलेगी।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
नए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को 17 नवंबर तक का मौका दिया है, जबकि नवीनीकरण कराने वाले छात्र-छात्राएं 20 नवंबर तक आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। खास बात यह है कि पात्र विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि 25 से 31 जनवरी 2027 के बीच भेजने का प्रस्ताव है।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार विद्यालयों को 12 से 19 नवंबर तक मास्टर डाटाबेस तैयार करना होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक 13 से 20 नवंबर तक इसका सत्यापन करेंगे। कक्षा नौ और 11 में नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए आनलाइन पंजीकरण और आवेदन की अंतिम तिथि 17 नवंबर निर्धारित की गई है।
विद्यार्थी 19 नवंबर तक आवेदन का अंतिम प्रिंट निकाल सकेंगे। इसके बाद 19 से 22 नवंबर तक सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन की हार्डकापी विद्यालय में जमा करनी होगी। कक्षा 10 और 12 के नवीनीकरण कराने वाले विद्यार्थियों को 12 से 20 नवंबर तक आवेदन का नवीनीकरण कर हार्डकापी विद्यालय में जमा करनी होगी।
विद्यालयों को 13 से 23 नवंबर तक विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्राप्तांक, पूर्णांक और उपस्थिति दर्ज करनी होगी। अपात्र विद्यार्थियों का आवेदन निरस्त करने के साथ पात्रों का डाटा सत्यापित कर आगे भेजना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक 24 नवंबर तक वास्तविक विद्यार्थियों का सत्यापन करेंगे।
इसके बाद एनआइसी की ओर से चिह्नित संदेहास्पद और त्रुटिपूर्ण डाटा का एक से नौ दिसंबर तक सत्यापन कर संशोधन किया जाएगा। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तूलिका शर्मा ने बताया कि सभी शिक्षण संस्थानों, प्रधानाचार्यों और विद्यार्थियों से निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी करने को कहा है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।