विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में अब गांव से नहीं आ सकेंगे ई-रिक्शा और ऑटो, SP ट्रैफिक ने बताया जाम खत्म करने का नया प्लान

Published: Wed, 28 Oct 2026 09:30 PM (IST)

मुरादाबाद में यातायात पुलिस ने शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए नई योजना पेश की है। एसपी ट्रैफिक रचना ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. दैनिक जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में बोलीं एसपी यातायात, पाठकों के सवालों के दिए जवाब

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर जाम लगने की कई वजह हैं। ई-रिक्शा, टेंपो, आटो सड़कों पर खड़े होने, यात्रियों को बैठाने के लिए स्थान चिह्नित न होने और शहर की सड़कों पर अतिक्रमण जाम लगना प्रमुख कारण हैं। इससे पूरा शहर हर समय जाम की गिरफ्त में रहता है।

मगर अब जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस गांवों से शहर आने वाले अतिरिक्त ई-रिक्शा, टेंपो और आटो को रोकेगी। इससे प्रमुख मार्गों से लेकर बाजार तक जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।

सड़कों पर वाहन खड़े करने और सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। बार-बार विपरीत दिशा में चलने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराए जाएंगे।

sp traffic rachna mishra

पंडित नगला पुल और रिंग रोड बनने के बाद शहर में कुछ हद तक जाम की समस्या कम हो जाएगी। अभी यह प्रयास किया जा रहा है कहीं जाम न लगे और वाहन अपनी लाइन में चलते रहें।

यह बातें मंगलवार को दैनिक जागरण कार्यालय में आयोजित प्रश्न पहर कार्यक्रम में एसपी यातायात रचना मिश्रा ने कहीं। उन्होंने यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या लेकर फोन पर पूछे गए पाठकों के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। उनके साथ में यातायात प्रभारी मिथलेश कुमार भी मौजूद रहे।

सवाल : शहर में ई-रिक्शा और आटो की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि जाम तो लग ही रहा है यह हादसे का भी कारण बन रहे हैं। - जगमोहन मदान, निवासी आवास विकास

जवाब : ई-रिक्शा और आटो की संख्या कम करने के लिए योजना बनाई जा रही है। गांव से आने वाले ई-रिक्शा और आटो को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

सवाल : अब देखने को मिल रहा है कि बाइक और कारों में इतनी तेज लाइट होती है कि जब वह आंखों पर पड़ती तो कुछ भी दिखाई नहीं देता और हादसे हो जाते हैं। - राजेंद्र कुमार, निवासी कांशीराम नगर

जवाब : वाहनों में लगी लाइट का मानक होता है। एक नवंबर से यातायात माह शुरू होने वाला हैं। उस दौरान चेकिंग की जाएगी। मानक के विपरीत कोई लाइट मिली तो कार्रवाई होगी।

सवाल : पाकबड़ा ओवरब्रिज के नीचे ठेले खड़े होते हैं। इससे अतिक्रमण हो रहा है। रोड संकरी हो जाती है और जाम लगता है। - मो. फुरकान, निवासी पाकबड़ा

जवाब : वैसे तो अतिक्रमण न हो यह थाना पुलिस को देखना चाहिए, लेकिन हम खुद देखेंगे कि कही भी अतिक्रमण न हो। जाम से निजात दिलाई जाएगी।

सवाल : पाकबड़ा के विल्सोनिया कालेज के पास अवैध टैक्सी स्टैंड बना है। इसके चलते हर समय वहां पर जाम लगा रहता है। - फाजिल अंसारी, निवासी पाकबड़ा

जवाब : कही भी अवैध टैक्सी स्टैंड नहीं चल सकता। वहां पर जो भी पुलिस ड्यूटी पर रहते हैं उनसे बात करके कार्रवाई करवाई जाएगी।

सवाल : मुरादाबाद में सबसे अधिक जाम की समस्या रेलवे स्टेशन रोड और कपूर कंपनी पुल पर रहती है। इस समस्या का निदान किया जाए। - रिषभ मिश्रा, निवासी कटघर

जवाब : इन दोनों जगह शहर में सबसे अधिक ट्रैफिक रहता है। इसलिए यहां पर अतिरिक्त पुलिस तैनात की गई है। प्रयास किया जा रहा है कि जाम न लगे।

सवाल : अब सर्दी का मौसम शुरू हो गया है। यहां पर ट्रैक्टर ट्राली बिना नंबर की दौड़ रही है। इनसे सबसे अधिक हादसा होने का डर रहता है। - देवेंद्र कुमार सिंह, निवासी ठाकुरद्वारा

जवाब : लगातार चेकिंग की जा रही है। चेकिंग के दौरान जो भी बिना नंबर के ट्रैक्टर ट्राली मिलेगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सवाल : सोनकपुर पुल पर तमाम वाहन चालक गलत दिशा में चलते हैं। इससे हादसा होने का डर बना रहता है। - देवेंद्र कुमार शर्मा, निवासी कांशीराम नगर

जवाब : पुल के नीचे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। अब पुल के ऊपर पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। जो भी गलत दिशा में चलता मिलेगा कार्रवाई होगी।

जागरण के पांच सवाल

सवाल : त्योहारी सीजन है। बाजार में भीड़ रहेगी। बाजार में जाम न लगे इसको लेकर क्या योजना है।

जवाब : 27 अक्टूबर से ही शहर के बाजार के मार्गों पर वनवे कर दिया गया है। इसके अलावा जेल परिसर और पुरानी तहसील में वाहनों की पार्किंग बनाई गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वनवे का पालन कराया जा रहा है। थाना पुलिस भी मदद ले रहे हैं। लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं।

सवाल : इस समय देखा जा रहा है कि लोगों ने हेलमेट लगाना बंद कर दिया है। इसी के चलते तमाम बाइक सवारों की मौत हो गई। लोग हेलमेट लगाए इसके लिए क्या योजना हैं।

जवाब : वैसे तो पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है। बिना हेलमेट लगाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। क्योंकि यातायात पुलिस कार्रवाई कर सकती है, लेकिन लोगों को अपने जीवन के महत्व को समझना होगा। अगर लोग जागरूक हो जाए तो खुद की समस्या दूर होगी।

सवाल : जिले में इस समय कितने ब्लैक स्पाट है और वहां पर हादसे न हो इसको लेकर क्या किया जा रहा है।

जवाब : बीते सालों से ब्लाक स्पाट कम हुए है। इस साल जिले में 20 ब्लाक स्पाट है। वहां पर हादसे क्यों हो रहे हैं उस कारण का पता करके उसे दूर किया जा रहा है।

कुछ मोड़ पर पेड़ रोड तक आ गए थे इसके चलते वाहन चालकों को दिक्कत हो रही थी। वहां पर पेड़ों की छटाई कराने के बाद रिफ्लेक्टर लगा दिए गए है।

सवाल : शहर में सबसे अधिक जाम रेलवे स्टेशन रोड पर लगता है। वहां जाम लगे इसके लिए क्या योजना बनाई जा रही है।

जवाब : शहर के सबसे अधिक वाहन स्टेशन रोड से ही गुजरते हैं। उसी रोड पर रोडवेज बस स्टैंड भी है। वहां से रोडवेज भी गुजरती है। इसी के चलते रेलवे स्टेशन रोड पर अधिक दिक्कत है।

पंडित नगला पुल और रिंग रोड बन रहा है। दोनों का निर्माण पूरा होते ही जाम की समस्या दूर हो जाएगी। पूरा फोकस इस समय यही है कि वहां जाम न लगे।

सवाल : शहर को जाम से मुक्त बनाया जा सके इसके लिए यातायात पुलिस की क्या योजना है।

जवाब : एक नवंबर से यातायात माह शुरू हो रहा है। अब यातायात पुलिस का पूरा फोकस यातायात माह पर है। लोग भी हमारा सहयोग करे। वह अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे तो यातायात पुलिस को बहुत सहयोग मिलेगा। पुलिस प्रयास कर रही है कि सभी वाहन अपनी लाइन में चले। अगर लाइन में चलेंगे तो जाम नहीं लगेगा।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद की 12 सोसायटियों में गैस संकट: PNG मिला नहीं और LPG सिलेंडर बंद करने की तैयारी, 1500 परिवारों की बढ़ी चिंता