मुरादाबाद की 12 सोसायटियों में गैस संकट: PNG मिला नहीं और LPG सिलेंडर बंद करने की तैयारी, 1500 परिवारों की बढ़ी चिंता
मुरादाबाद की 12 सोसायटियों में 3500 घरों में से केवल 2000 को पीएनजी कनेक्शन मिले हैं, जबकि एलपीजी सिलेंडर बंद ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज
HighLights
गैस कंपनियों की जल्दबाजी से उपभोक्ताओं की बढ़ेगी परेशानी
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। पीएनजी (पाइप्ड नेच्युरल गैस) का कनेक्शन मिला नहीं और एलपीजी (द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस) सिलिंडर बंद होने का खतरा मंडराने लगा। मुरादाबाद में गैस कंपनियों की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिन क्षेत्रों में पीएनजी उपलब्ध है, वहां एलपीजी कनेक्शन बंद करने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
अब तक 200 एलपीजी लेकिन, पीएनजी की मांग करने वाले उपभोक्ताओं को समय पर कनेक्शन नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि जब पाइपलाइन से गैस की सुविधा ही नहीं मिली तो घरों में चूल्हा कैसे जलेगा?
शहर की 12 सोसायटियों में जल्द ही एलपीजी आपूर्ति बंद करने की तैयारी है। इन सोसायटियों में करीब 3500 घर हैं, जबकि पीएनजी कनेक्शन लगभग 2000 ही हैं यानी करीब 1500 घरों में पीएनजी कनेक्शन की स्थिति स्पष्ट नहीं है।

ऐसे में एलपीजी बंद करने की कार्रवाई हजारों लोगों की रसोई का बजट और व्यवस्था बिगाड़ सकती है। सब्सिडी बंद करने के साथ सरकार पीएनजी को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।
मुरादाबाद में हर महीने करीब 1300 नए पीएनजी कनेक्शन दिए जाने का दावा है। एलपीजी मुक्त क्षेत्र की गतिविधियां शुरू होने के बाद करीब 8500 घरों को कनेक्शन दिए गए हैं।
इसके बावजूद कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब कंपनियां मांग के अनुरूप कनेक्शन नहीं दे पा रही हैं तो एलपीजी बंद करने की कार्रवाई में इतनी तेजी क्यों दिखाई जा रही है?

शहर की पाश कालोनी गौर ग्रेशियस, गौरसंस, टीडीआइ सिटी, आकाश ग्रींस, आकाश रेजिडेंसी, पार्श्वनाथ प्रतिभा, सुपरटेक पामग्रीन्स, आकाश मेघदूतम, अरण्य सिग्नेचर, मधुबन ग्रीन, ग्रीन आर्किड और विसनपुरा को एलपीजी मुक्त क्षेत्र बनाने की तैयारी चल रही है।
आइओसीएल के मैनेजर प्रशांत शाक्य ने बताया कि कनेक्शन रखने वाले करीब 200 उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन बंद किए जा चुके हैं।
जिन क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए जा सकते हैं, वहां कनेक्शन नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन बंद करने की कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए पीएनजी कनेक्शन लेने में तत्परता दिखाए जाने की जरूरत है ताकि किसी को दिक्कत नहीं होने पाए। आवेदन करने का तरीका
टोरेंट गैस का नया पीएनजी कनेक्शन पोर्टल (https://connect.torrentgas.com/NewPNGConnection?utm_source=chatgpt.com) खोलें।
- राज्य, जिला, शहर और घरेलू कनेक्शन का विकल्प चुनकर अपने क्षेत्र में पाइपलाइन की उपलब्धता जांचें।
- नाम, पता, मोबाइल नंबर और सोसायटी या फ्लैट का विवरण भरें।
- पहचान पत्र और पते का प्रमाण अपलोड करें। किराये के मकान में मकान मालिक की अनापत्ति और किरायानामा भी मांगा जाता है।
- उपयुक्त योजना चुनकर भुगतान करें। इसके बाद कंपनी तकनीकी जांच और कनेक्शन की व्यवहार्यता की पुष्टि करेगी।
- जरूरी बात: पीएनजी कनेक्शन मिलने से पहले अपना एलपीजी कनेक्शन बंद न कराएं। टोरेंट गैस के ग्राहक सेवा नंबर 1800-123-567890 पर फोन करके अपने पते और सोसायटी के लिए कनेक्शन की स्थिति तथा लागू शुल्क की पुष्टि कर सकते हैं।
