यूट्यूब पर भ्रामक खबर चलाई तो खैर नहीं! Fake News फैलाने वालों पर कसेगा शिकंजा, पुलिस की पैनी नजर
मुरादाबाद पुलिस ने भ्रामक खबरें फैलाने वाले यूट्यूबरों और सोशल मीडिया यूजर्स पर शिकंजा कसने की तैयारी की है। त्योहारों ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
महानवमी और दशहरे पर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम, मजिस्ट्रेट नियुक्त
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक खबरें चलाकर माहौल बिगाडने वालों पर पुलिस और प्रशासन शिकंजा कसने की तैयारी में है। ऐसे यूट्यूबर और इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एसएसपी सतपाल अंतिल ने निगरानी टीम गठित कर दी है। टीम इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने वाली खबरों और अन्य गतिविधियों पर नजर रखेगी।
आगामी पंचायत और विधान सभा चुनाव, त्योहारों के दौरान भ्रामक खबरों के जरिए भ्रम फैलाने और माहौल खराब करने की कोशिशों को रोकना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।
महानवमी और दशहरे के त्योहारों को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी अनुनय झा और एसएसपी सतपाल अंतिल ने सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंप दी है।
त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक निगरानी रखी जाएगी। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरें लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर सकती हैं।
इसे देखते हुए एसएसपी ने निगरानी टीम गठित की है। टीम इंटरनेट मीडिया की गतिविधियों पर नजर रखेगी। भ्रामक खबरों के प्रसार के मामलों में तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा सकेगी।
पुलिस का जोर त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों को फैलने से रोकने पर रहेगा। एसएसपी ने बताया कि कुछ लोग इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक खबरें फैला रहे हैं। त्योहारों पर माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों पर कार्रवाई होगी।
शहर से देहात तक अधिकारियों की जिम्मेदारी तय
दशहरे के मेलों और अन्य आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। तहसील स्तर पर संबंधित उपजिलाधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
मुरादाबाद शहर में दशहरा मेलों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए दो सहायक नगर मजिस्ट्रेटों को मजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात किया गया है। देहात क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह करेंगे।
संबंधित क्षेत्रों के पुलिस क्षेत्राधिकारी भी अपने-अपने इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। शहर में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह दशहरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
पुलिस और प्रशासन की ओर से त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी का जिम्मा अधिकारियों को सौंपा है। इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक खबरों पर नजर रखने के साथ ही मेलों और सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर रहेगा।
