मुरादाबाद के बड़े एक्सपोर्टर को आया खौफनाक मैसेज: '5 खोखे' दो वरना..., शहर में फैली सनसनी
मुरादाबाद के नामी एक्सपोर्टर अरशू ढल को व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
पहले 12 मार्च को वाट्सएप काल करके मांगी रंगदारी, फिर 14 को किया मैसेज
पहले भी एक्सपोर्टर से रंगदारी मांग चुके हैं बदमाश, वसूल लिए थे पांच लाख
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शहर के नामी एक्सपोर्टर को पहले वाट्सएप काल करके पहले धमकी दी और उसके बाद मैसेज करके पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। दो दिन आरोपित ने फिर से मैसेज करके रंगदारी मांगी और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी। पुलिस ने एक्सपोर्टर के शिकायती पत्र पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
साल 2024 में भी इन्हीं एक्सपोर्टर से रंगदारी मांगी थी और आरोपितों ने पांच लाख रुपये वसूल भी लिए थे। उस समय पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। पुलिस जिस नंबर से रंगदारी मांगी गई है उसकी जांच में जुटी है। सिविल लाइंस के रामगंगा विहार चौकी क्षेत्र के शुभम ग्रीन विला निवासी अरशू ढल जिले के नामी एक्सपोर्टर हैं।
कांठ रोड पर प्रेम नगर में वजीरचंद एक्सपोर्ट नाम से उनकी बड़ी फर्म हैं। एक्सपोर्टर अरशू ढल के मोबाइल नंबर पर 12 मार्च की रात 8.08 बजे एक अंजान नंबर से वाट्सएप मिस काल आई। इसके बाद मिनट बाद ही दोबारा वाट्सएप काल आई तो उन्होंने रिसीव कर ली। काल करने वाले ने एक्सपोर्टर का नाम लेकर गाली गलौज करनी शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने काल काट दी।
इसके बाद फिर से आरोपित ने काल की, लेकिन इस बार एक्सपोर्टर ने रिसीव नहीं की। कुछ देर तक उन्होंने इस बात पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने अपना मोबाइल रख दिया और वह अन्य काम पर लग गए, लेकिन करीब एक घंटे बाद जब उन्होंने अपना मोबाइल देखा तो वाट्सएप पर मैसेज आया हुआ था।
इसमें पहले मैसेज में गालियां लिखी थी और दूसरे मैसेज में लिखा था कि पांच खोखे यानी पांच करोड़ रुपये के इंतजाम करने की धमकी दी। इसके बाद अगले मैसेज में उसने किसी आशू भाई का नाम बताकर मैसेज लिखा कि आशू भाई ने इतना ही बताया और कहा है कि यदि पुलिस को बताया तो जान से मार देंगे, लेकिन इसके बाद भी एक्सपोर्टर ने उन मैसेज पर ध्यान नहीं दिया।
14 मार्च को दोपहर 2:31 बजे आरोपित ने एक बार फिर गाली लिखते हुए मैसेज किया और कहा कि तू आशू उधम को नहीं जानता। इसके बाद जान से मारने की धमकी भरा मैसेज भेजा। बाद में तीन और मैसेज किया और उसे आरोपित ने खुद ही डिलिट कर दिया। बाद में एक्सपोर्टर ने मामले को गंभीरता से लिया।
अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराने के बाद मामले का शिकायती पत्र सिविल लाइंस पुलिस को दिया। पुलिस ने काल करने वाले अज्ञात मोबाइल धारक और जिस आशू उधम का उसने मैसेज में जिक्र किया था उसके खिलाफ धमकी देने, रंगदारी मांगने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में है। प्राथमिकी दर्ज की है। जांच हो रही है।
एक्सपोर्टर से पहले भी वसूले जा चुके हैं रंगदारी के रुपये
एक्सपोर्टर अरशू ढल से पहले भी रंगदारी वसूली जा चुकी है। अरशू ढल के पिता किशनलाल का विवाद हुआ था। उसमें प्राथमिकी हुई थी। बाद में उसी में समझौता कराने के नाम पर पैसे ऐंठ लिए थे। इसके बाद दिसंबर 2024 से लेकर जनवरी 2025 के बीच अरशू ढल से 50 लाख की रंगदारी की डिमांड की गई। जिसमें से पांच लाख रुपये वसूल भी लिए गए थे।
मामले में पुलिस ने शिवकुमार और पवन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके दो दिन बाद ही पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि इस रंगदारी मांगने वाले के मास्टर माइंड आरोपित बरेली निवासी अनुज कुमार गंगवार को बाद में गिरफ्तार किया गया था।
अनुज गंगवार पूर्व में आइटीबी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) में सिपाही के पद पर तैनात रह चुका था। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके गिरोह के दो और आरोपित अंकित सिंह और अभिषेक सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा था।
