श्मशान की रसीद पर जून और अगस्त की तारीख! मुरादाबाद नगर निगम में जांच करने पहुंची CBI की टीम
सीबीआइ की एक टीम ने मुरादाबाद नगर निगम में एक मृत्यु प्रमाण पत्र की जांच की, जिसमें श्मशान घाट की ...और पढ़ें

मुरादाबाद नगर निगम
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। काशीराम निवासी राजीव के मृत्यु प्रमाण पत्र की जांच के लिए गाजियाबाद से सीबीआइ की तीन सदस्यीय टीम शुक्रवार को नगर निगम के जोन-द्वितीय कार्यालय, मधुबनी पहुंची। टीम करीब दो घंटे तक नगर निगम में रही और अधिकारियों से राजीव के मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदन और उसकी स्थिति की जानकारी ली।
राजीव बैंक में नौकरी करते थे और उनसे संबंधित मुकदमा सीबीआइ कोर्ट, गाजियाबाद में चल रहा है। मामले में राजीव के पुत्र दीपक ने श्मशान घाट की रसीद भी सीबीआइ कोर्ट में दाखिल की थी।
इसी रसीद में मृत्यु की तारीख को लेकर अंतर सामने आया। रसीद के ऊपर 28 अगस्त लिखा था, जबकि नीचे हस्ताक्षर वाले स्थान पर 28 जून 2026 दर्ज था।
इधर, राजीव के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए नगर निगम में भी आवेदन किया गया था। सीबीआइ टीम यह पुष्टि करने पहुंची थी कि नगर निगम से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी हुआ है या नहीं।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है, लेकिन रसीद में दो अलग-अलग तारीख होने के कारण प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया। पहले श्मशान घाट से मृत्यु की सही तारीख वाली रसीद संशोधित करानी होगी।
इसके बाद नगर निगम से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। प्रमाण पत्र बनने के बाद ही गाजियाबाद में चल रहे संबंधित मुकदमे में आगे की प्रक्रिया होगी। टीम के पहुंचते ही नगर निगम कार्यालय में हलचल मच गई।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद और हापुड़ को मिलेंगे 'न्यू' रेलवे स्टेशन: गाजियाबाद-सीतापुर रूट पर 14,926 करोड़ का बड़ा प्लान, जगह चिह्नित
