मुरादाबाद में पंचायती राज मंत्री मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह बोले-महापौर के कार्यकाल में वार्डों में दिख रहा विकास
Moradabad Municipal Corporation महापौर विनाेद अग्रवाल के दूसरे कार्यकाल के तीन साल पूरे हो चुके हैं। इस अवधि में शहर में कई बड़े विकास कार्य हुए। आज इस उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें उपलब्धियों पर चर्चा होगी।
मुरादाबाद, जेएनएन। महापौर विनोद अग्रवाल के कार्यकाल के तीन साल पूरे होने पर तीन साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन हुआ। पीली कोठी स्थित महापौर शिविर कार्यालय पर मुख्य अतिथि पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, नगर विधायक रितेश गुप्ता, एमएलसी डॉ जयपाल सिंह व्यस्त की मौजूदगी में केक काटा गया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि तीन सालों में मुरादाबाद में तेजी के साथ विकास कार्य हुए हैं। स्मार्ट सिटी में ऐसे प्रोजेक्ट शामिल किए गए हैं जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते थे। यह प्रोजेक्ट धीरे-धीरे धरातल पर आ रहे हैं। नगर विधायक रितेश गुप्ता ने कहा कि विनोद अग्रवाल के नेतृत्व में वास्तव में शहर के रोड बेहतर हुए हैं। प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी से लेकर कई काम ऐसे हैं जो तीन सालों में हुए हैं। पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मुरादाबाद की जनता ने जो जनादेश भाजपा को दिया था उसमें विनोद अग्रवाल की भूमिका सराहनीय रही। विनोद अग्रवाल ने अपने कार्यकाल में महानगर के विकास के लिए नए कीर्तिमान स्थापित किए। सभी दलों के पार्षदों से विनोद अग्रवाल ने बराबर सामंजस्य बनाए रखा है। इसी का नतीजा है कि सभी 70 वार्डों में विकास दिख रहा है। समय-समय पर नई आवश्यकताएं महसूस होती हैं। इन आवश्यकताओं के अनुसार अब हमें आगे बढ़ना है। जिससे प्रदेश और केंद्र की सरकार के हाथ और मजबूत हों। इस मौके पर नगर आयुक्त संजय चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया। नगर आयुक्त ने कहा कि तीन सालों में कई बाधाएं भी आईं। लेकिन, महापौर से सलाह लेने के बाद उन्हें दूर भी कराया गया। महापौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह के आशीर्वाद से बड़ी से बड़ी दिक्कतों को आसानी से दूर कर लिया गया। चाहे जल निकासी हो, गंदगी हो या सड़कों के गड्ढे हों। नगर निगम के अफसर-कर्मचारियों ने शासन के अनुरूप जनता की भावनाओं को समझा और कार्य को पूरा किया। कोरोना महामारी में भी सफाई कर्मचारी मुस्तैदी के साथ डटे रहे। उन्होंने कहा कि नगर विधायक के बताए कार्यों को पूरा कराया जाएगा। उनके साथ भी मिलकर योजनाओं को अमली जामा पहनाएंगे। इस मौके पर सभी निर्वाचित पार्षद और नामित पार्षदों के अलावा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्र, सहायक नगर आयुक्त गंभीर सिंह, कार्यकारी उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।