विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में सजा सरकारी मंडप: 335 जोड़े थामेंगे एक-दूजे का हाथ; गैस-चूल्हा के मिलेगा गृहस्थी का सामान

Published: Mon, 26 Oct 2026 07:32 AM (IST)

मुरादाबाद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को 335 जोड़े शादी के बंधन में बंधेंगे।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लिए सजा सरकारी मंडप। जागरण

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लिए सजा सरकारी मंडप। जागरण

HighLights

  1. मुरादाबाद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आयोजन।

  2. सोमवार को 335 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे।

  3. लाभार्थियों को गैस चूल्हा सहित गृहस्थी का सामान मिलेगा।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। सरकारी मंडप में सोमवार को बेटियों के हाथ पीले होंगे और नई जिंदगी की शुरुआत के साथ उनकी विदाई होगी। इस दौरान वैदिक मंत्र गूंजेंगे तो किसी की निकाह की रस्म अदा होगी। सर्किट हाउस के पीछे एमडीए ग्राउंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 335 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे।

समारोह कराने के लिए रविवार को प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। पिछली बार आयोजन को लेकर उठे सवालों के बाद इस बार लाभार्थियों की पहचान से लेकर सामान वितरण तक विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में दो चरणों में 560 जोड़ों की शादी कराई जानी है।

 एमडीए ग्राउंड में 335 जोड़ों का विवाह

पहले चरण में 26 अक्टूबर सोमवार को एमडीए ग्राउंड में 335 जोड़ों का विवाह होगा, जबकि 30 अक्टूबर को भदासना स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती ला कालेज में 225 जोड़े सात फेरे लेंगे या निकाह के जरिए वैवाहिक जीवन की शुरुआत करेंगे। इसके बाद कुंदरकी क्षेत्र में भी 30 नवंबर को कार्यक्रम कराए जाने की तैयारी है।

सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने आयोजन से पहले ही अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। रविवार को सीडीओ के साथ परियोजना निदेशक और जिला समाज कल्याण अधिकारी ने भी तैयारियों का जायजा लिया।

इस बार नहीं मिलेगा चांदी का सामान

जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा वाजपेयी ने बताया कि इस बार आयोजन में लाभार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था की गई है। इस बार चांदी का सामान नहीं दिया जाएगा। बेटियों को दी जाने वाली गृहस्थी की सामग्री में भी कुछ सामान बढ़ाया गया है। इसमें गैस चूल्हा, दो सूट, दूल्हे के लिए वस्त्र और दो तौलिये शामिल हैं। सामान के साथ टोकरी भी दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: यूपी में अब तक 28438 जोड़ों के थामा एक-दूजे का हाथ, 11540 आवेदन कैंसिल

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: योगी सरकार में 22 हजार से ज्यादा बेटियों का बसा घर, पीलीभीत अव्वल