विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य के भाई का खाता हैक, 117 खातों में भेजे 6.15 लाख

Published: Thu, 27 Aug 2026 09:19 PM (GMT+05:30)

मुरादाबाद में निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य के भाई राशिद अली के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 6.15 लाख रुपये उड़ा लिए।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. राशिद अली का बैंक खाता हैक, 6.15 लाख रुपये की ठगी।

  2. चुराई गई रकम 117 अलग-अलग खातों में भेजी गई।

  3. साइबर ठगों ने और पैसे मांगे, पीड़ित को धमकाया।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। साइबर ठगों ने मैनाठेर क्षेत्र के फरीदपुर निवासी राशिद अली के बैंक खाते पर सेंध लगाकर करीब 6.15 लाख रुपये की रकम उड़ा ली। पीड़ित निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य रईसउद्दीन उर्फ लाल के छोटे भाई हैं। हैरानी की बात यह है कि खाते से निकली रकम किसी एक खाते में नहीं गई, बल्कि 117 अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। रकम उड़ाने के बाद भी ठगों का लालच कम नहीं हुआ। उन्होंने पीड़ित को फोन कर पांच हजार रुपये और मांगे। रुपये नहीं देने पर धमकी देने का भी आरोप है।

संभल रोड स्थित ग्राम फरीदपुर निवासी राशिद अली ने मैनाठेर थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका खाता यूपी ग्रामीण बैंक की हुसैनपुर छिरावली शाखा में है। आरोप है कि किसी अज्ञात साइबर अपराधी ने उसके खाते को हैक कर रकम निकालनी शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से आठ दिन में उसके खाते से 5,95,300 रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर किए गए।

इसके अलावा 20 हजार रुपये की रकम दूसरे खाते से भी निकाले जाने का आरोप है। रुपये निकलते रहे और पीड़ित के मोबाइल पर मैसेज तक नहीं मिला। पीड़ित को तीन दिन रुपये निकालने के बैंक पहुंचा तो ठगी की जानकारी मिली। उन्होंने बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो हाथ-पैर फूल गए।

तहरीर के साथ पीड़ित ने पुलिस को बैंक स्टेटमेंट भी उपलब्ध कराया। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि साइबर ठगों ने ठगी की रकम को एक खाते में जमा करने के बजाए 117 अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया गया। पुलिस के सामने खातों की जांच कर यह पता लगाना चुनौती है।

अगर पुलिस इन खातों की लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने में सफल होती है तो साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पता चल सकता है। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर राशिद अली ने बैंक लेनदेन का ब्योरा जुटाया और पुलिस से शिकायत कर दी है लेकिन, अभी तक पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। प्रभारी निरीक्षक किरन पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। साइबर सेल को भी अवगत करा दिया है।

ठगी के बाद फिर आया फोन

राशिद अली का आरोप है कि रकम निकलने के बाद कुछ अज्ञात लोगों ने मोबाइल नंबर 9528369963 और 7739765850 से उसके मोबाइल पर फोन किया। फोन करने वालों ने उससे पांच हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर उसे धमकाया गया।

पीड़ित ने बातचीत की रिकॉर्डिंग अपने पास होने की बात कही है और इसे पुलिस को उपलब्ध कराने की बात भी तहरीर में दर्ज की है। लाखों रुपये की रकम खाते से निकलने के बाद राशिद अली ने पुलिस से मामले की जांच कराकर प्राथमिकी दर्ज करके रकम वापस कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में जायरीनों की कार को स्कार्पियो ने मारी टक्कर, दो की मौत