विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में गन्ने के खेत से निकला तेंदुआ: बाइक की सवार किसान ने ऐसे बचाई जान, इलाके में फिर बढ़ी दहशत

Published: Mon, 21 Sep 2026 03:46 PM (IST)

ठाकुरद्वारा में एक किसान ने गन्ने के खेत से अचानक निकले तेंदुए से अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर जान बचाई। ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. तेंदुए की आहट से खेतों की ओर जाने से बच रहे ग्रामीण, वन विभाग की निगरानी बढ़ी

जागरण संवाददाता, ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। सुबह का सन्नाटा... खेतों की ओर जाती सड़क और अचानक गन्ने के खेत से निकलकर सामने तेंदुआ आ गया। गांव फैजुल्लागंज निवासी बाबूराम सिंह कुछ ही दूरी पर खड़े तेंदुए को देखकर घबरा गए। खतरा भांपते ही उन्होंने बाइक की गति बढ़ा दी।

उन्होंने बाइक कहीं नहीं रोकी और सीधे गांव पहुंचे। वहां ग्रामीणों को तेंदुए के सामने आने की जानकारी दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने आसपास के खेतों में तेंदुए को तलाशना शुरू किया, लेकिन तब तक वह गन्ने के खेत में जा चुका था। गन्ने की ऊंची फसल के कारण तेंदुए का पता नहीं चल सका।

ग्रामीण महिपाल सिंह, गौरव सिंह और मेघनाथ सिंह ने बताया कि करीब पांच दिन पहले भी ठाकुरद्वारा-सन्यासी वाला मार्ग पर आबादी के पास तेंदुआ दिखाई दिया था। ग्रामीणों ने तब उसका पीछा कर उसे भगाया था। अब दोबारा तेंदुए के सामने आने से किसानों में खेतों पर जाने को लेकर डर बढ़ गया है।

18वां तेंदुआ पकड़े जाने के बाद मिली राहत फिर चिंता में बदली

खादर क्षेत्र में 18वां तेंदुआ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन ठाकुरद्वारा में तेंदुए के फिर सामने आने से चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की टीमें जंगल और गन्ने के खेतों में तेंदुओं की तलाश कर रही हैं।

कांठ और ठाकुरद्वारा क्षेत्र में सबसे अधिक पिंजरे लगाए गए हैं। बिलारी क्षेत्र में भी तेंदुआ दिखाई देने की सूचनाएं मिल रही हैं। एसओएस वर्ल्ड लाइफ की टीम आगरा वापस लौट चुकी है। अब वन विभाग की टीमों पर ही तेंदुओं की तलाश और निगरानी का जिम्मा है।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में ट्रैप केज में फंसा तेंदुआ, अब तक वन विभाग ने 17 तेंदुओं का किया रेस्क्यू