विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हम साथ रहेंगे, शादी करेंगे...', कचहरी से अगवा नाजिया ने कोर्ट में दिया बयान, प्रेमी राजकुमार के साथ भेजा

Published: Thu, 03 Sep 2026 12:30 AM (IST)

प्रेमी राजकुमार के साथ अगवा की गई नाज़िया ने कोर्ट में बयान दिया कि वह उसी के साथ रहना चाहती ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।

एआई जेनरेटेड इमेज है।

HighLights

  1. युवती के स्वजन पर चलेगा मुकदमा, तलाश में लगी पुलिस

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। प्रेमी के साथ लौटते वक्त अगवा की गई युवती नाजिया के बुधवार को मूंढापांडे पुलिस ने कोर्ट में बयान दर्ज कराए। युवती बोली हम एक दूसरे से प्यार करते हैं। दोनों साथ में रहेंगे। बहुत जल्द शादी कर लेंगे। मुझे मेरे परिवार बाले जबरन कार से उठाकर लेकर गए थे। कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने युवती को उसके प्रेमी राजकुमार के साथ भेज दिया है।

उधर आरोपितों के खिलाफ दर्ज मुकदमा चलेगा और पुलिस ने उनकी धड़पकड़ शुरू कर दी है। युवक और युवती बीते दो साल से लिव-इन में रह रही थी। सोमवार शाम दोनों मुरादाबाद कचहरी से स्वार थाने जा रहे थे, उसी समय युवती को उसके स्वजन उठाकर ले गए थे।

रामपुर के स्वार क्षेत्र के गांव पट्टीकला घोसीपुरा निवासी नाजिया टांडा क्षेत्र के भरतपुर दढियाल निवासी राजकुमार के साथ बीते एक साल से लिव-इन में रह रही थी। इस बात की जानकारी दोनों के स्वजन को लग गई थी।

युवती के स्वजन ने अब उस पर पाबंदी लगानी शुरू कर दी थी। इसी के चलते युवती 27 अगस्त को घर से निकलकर प्रेमी राजकुमार के पास पहुंच गई थी।

सोमवार को मुरादाबाद कचहरी में अपने लिव-इन रिलेशनसिप संबंधी नोटरी कागज तैयार कराकर स्वार थाना में नाजिया के पिता द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के निस्तारण के लिए नाजिया के बयान दर्ज कराने थाने जा रहे थे।

जैसे ही मूंढापांडे क्षेत्र के दलपतपुर में पहुंचे तो 10-15 अज्ञात कारों में सवार होकर आए लोगों ने फायरिंग करते हुए कार को रुकवा लिया और उसके बाद मारपीट करते हुए युवती को नाजिया को उठा ले गए थे।

पुलिस ने इस मामले में दानिश, बिलाल, तसलीम को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात के खिलाफ अपहरण और जानलेवा हमले की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। मंगलवार शाम आरोपित युवती को रामपुर के स्वार क्षेत्र में छोड़कर भाग गए थे।

पुलिस ने युवती नाजिया को बरामद कर लिया था। बुधवार को उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए। कोर्ट में अपने बयानों में युवती ने प्रेमी राजकुमार के साथ रहने की बात कही। इसके बाद उसे राजकुमार के साथ भेज दिया गया।

सीओ वरुण कुमार ने बताया कि युवती ने कोर्ट में राजकुमार के साथ रहने की बात कही है। युवती को राजकुमार के साथ भेज दिया गया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है।

यह भी पढ़ें- 1.5 करोड़ के पुराने नोट तो पकड़े गए, पर मास्टरमाइंड और बैंक 'गायब'! मुरादाबाद पुलिस की चार्जशीट पर उठे बड़े सवाल