मुरादाबाद के कांठ में फंसा 15वां तेंदुआ: ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, पर दहशत अब भी बरकरार
कांठ तहसील के रामसराय भांकरी गांव में वन विभाग ने एक और तेंदुए को पिंजरे में फंसाया, जो जिले में ...और पढ़ें

पिंजरे में कैद 15वां तेंदुआ
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। तेंदुओं की दहशत के बीच वन विभाग को बुधवार को एक और सफलता मिली। कांठ तहसील क्षेत्र के ग्राम रामसराय भांकरी में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ फंस गया। वन विभाग के अनुसार, तीन अगस्त के बाद से यह जिले में तेंदुए को पकड़ने का 15वां सफल ट्रैप है।
तेंदुए के पिंजरे में आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेने की कार्रवाई की और उसे डियर पार्क ले आई। रामसराय भांकरी और आसपास के गांवों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीण लंबे समय से सहमे हुए हैं।
खेतों और गन्ने के बीच तेंदुए की आहट से ग्रामीणों की चिंता बढ़ी हुई थी। खासकर खेतों में काम करने वाले किसानों और महिलाओं को लगातार सतर्क रहना पड़ रहा था। ऐसे में पिंजरे में तेंदुआ फंसने की खबर से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग की टीम तेंदुए के स्वास्थ्य और व्यवहार की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। क्षेत्र में लगाए गए अन्य पिंजरों और कैमरों के माध्यम से भी निगरानी जारी रखी जा रही है। लगातार बढ़ रही घटनाओं के के बीच ग्रामीणों में अभी भी दहशत बरकरार है।
