विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद के बड़े होटलों की रसोई में मिले चूहे-कॉकरोच, वेज-नॉनवेज भी साथ; रेडिसन समेत कई पर गिरी गाज

Published: Fri, 25 Sep 2026 11:03 PM (IST)

मुरादाबाद के होटलों में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में रसोई में चूहे, कॉकरोच और गंदगी मिली, साथ ही शाकाहारी ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. दूसरे जनपदों की खाद्य सुरक्षा विभाग टीम की जांच में मुरादाबाद के होटलों में मिलीं गंभीर खामियां

  2. लावना एनजीआर समेत कई प्रतिष्ठान कार्रवाई की जद में, फिर होगी रेस्टोरेंट-होटल की जांच

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। होटलों और रेस्टोरेंट में खाना खाने वालों की सेहत से किस तरह खिलवाड़ हो रहा है, इसका राजफाश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जांच में हुआ है। मुरादाबाद में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। कई जगह रसोई में गंदगी के साथ कीड़े-मकोड़े और चूहे मिले।

फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ भी एक साथ रखे मिले। खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और रसोई की स्वच्छता के मानकों का पालन नहीं मिला है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त के निर्देश पर प्रदेश के कई जनपदों में गुरुवार को एक साथ छापामार कार्रवाई की गई थी। हर जिले में दूसरे मंडल की टीम को लगाया गया था। जिससे अभियान की पारदर्शिता बनी रहे।

विभाग की टीम ने जांच के दौरान रसोई, खाद्य भंडारण, प्रसंस्करण क्षेत्र, जल निकासी, सफाई व्यवस्था और कीड़े-मकोड़ों की मौजूदगी की पड़ताल की। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने की व्यवस्था भी देखी।

जांच में मिली कमियों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। शहर के होटल लावना एनजीआर, टी प्वाइंट दिल्ली रोड, टाइम 24, दिल्ली गेट और मोती महल डीलक्स होटल भी कार्रवाई की जद में आए हैं।

विभाग की कार्रवाई के बाद होटल संचालकों में खलबली मची है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव में लापरवाही पर सख्ती के संकेत दिए हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा द्वितीय राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि हमारी टीम की ड्यूटी दूसरे जनपद में थी। टीम ने सीधे रिपोर्ट आयुक्त को दी है। कार्रवाई के लिए निर्देश भी वहीं से मिलेंगे।

छह जिलों में 174 को सुधार नोटिस

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने कानपुर नगर, प्रयागराज, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर और मुरादाबाद में बड़े स्तर पर गुरुवार को जांच की थी। कुल 174 प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस दिए गए हैं।

जबकि 24 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबन समेत अन्य विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई है। अयोध्या में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और चूहों के प्रकोप के मामले मिले।

बरेली में कई स्थानों पर काकरोच और चूहे मिलने पर लाइसेंस निलंबित किए गए। गोरखपुर में रेडिसन होटल समेत कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य भंडारण की गंभीर कमियां मिलीं। कानपुर और प्रयागराज में भी कई होटल-रेस्टोरेंट पर कार्रवाई हुई।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद और हापुड़ को मिलेंगे नए रेलवे स्टेशन: गाजियाबाद-सीतापुर रूट पर बिछेगी 3री और 4थी लाइन