होमगार्ड भर्ती में 6999 पास, लेकिन 1 की जान गई और 23 घायल; महिलाओं ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड
मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती दौड़ में 6999 अभ्यर्थी सफल रहे, लेकिन एक की मौत और 24 घायल हुए। लगभग 1500 ...और पढ़ें

नौवीं वाहिनी पीएसी में होमगार्ड भर्ती दौड़ परीक्षा देकर बाहर आते अभ्यर्थी।जागरण
HighLights
680 अभ्यर्थी समय पर पूरी नहीं कर सके दौड़, यह भर्ती प्रक्रिया से बाहर
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। नौवीं वाहिनी पीएसी में 15 सितंबर से शुरू हुई होमगार्ड भर्ती दौड़ में 6999 अभ्यर्थियों ने समय सीमा में दौड़ पूरी कर ली। जबकि 24 अभ्यर्थी ऐसे थे जो दौड़ते समय गिरकर घायल हो गए थे। जिसमें से बरेली निवासी शिवम की मौत हो गई थी। 680 अभ्यर्थी ऐसे थे जो समय सीमा में दौड़ पूरी नहीं कर पाए और उन्हें भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया।
दौड़ के अंतिम दिन बुधवार को 389 अभ्यर्थियों को बुलाया गया जिसमें से 341 अभ्यर्थी पहुंचे और 299 ने समय पर दौड़ पूरी कर ली। जबकि 42 अभ्यर्थी दौड़ पूरी नहीं कर पाने के चलते अनफिट घोषित कर दिए गए। अंतिम दिन भी एक अभ्यर्थी गिरकर घायल हो गया।
होमगार्ड के लिए 41424 पदों के लिए 25 से 27 अप्रैल को लिखित परीक्षा हुई थी। जिसमें 19 लाख 29 हजार 155 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा में एक लाख सात हजार 221 अभ्यर्थी पास हुए थे। इनकी प्रदेश के अलग-अलग सेंटरों पर दौड़ कराई गई।
15 सितंबर को दौड़ की शुरुआत हुई थी। पहले दिन ही चार अभ्यर्थी दौड़ते हुए गिरकर घायल हो गए। दूसरे दिन भी दो जबकि 17 अप्रैल को पांच अभ्यर्थी दौड़ के दौरान बेहोश हुए थे। इनमें से बरेली निवासी अभ्यर्थी शिवम की मौत हो गई थी।
रोजाना दौड़ प्रक्रिया के दौरान कोई न कोई अभ्यर्थी गिरकर घायल हुआ। भर्ती के नोडल अधिकारी सुभाषचंद्र गंगवार ने बताया कि 15 से 23 सितंबर तक चली दौड़ प्रक्रिया में 6999 अभ्यर्थियों ने दौड़ पूरी कर ली है।
अब इन अभ्यर्थियों का मेडिकल होगा। मेडिकल में फिट घोषित होने वाले अभ्यर्थियों की फाइनल सूची जारी हो जाएगी। मुरादाबाद जिले को 624 होमगार्ड मिलेंगे।
एक भी महिला अभ्यर्थी नहीं हुई घायल
होमगार्ड भर्ती दौड़ में रोजाना कोई न कोई गिरकर अभ्यर्थी घायल हुआ है। भर्ती में करीब 1500 महिला अभ्यर्थियों ने भी दो दिन दौड़ लगाई, लेकिन किसी दिन भी एक भी महिला अभ्यर्थी घायल नहीं हुई। जबकि 24 पुरुष अभ्यर्थी घायल हुए और एक की मौत हो गई। अब अधिकारी भी इस बात से हैरान है घायल होने वालों में सभी पुरुष अभ्यर्थी ही शामिल है।
