यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Moradabad: पुलिस की ट्रेनिंग ले रहे हेड कांस्टेबल ने दुकान से चुराया घी, सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हुई घटना
पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) में हेड कांस्टेबल की ट्रेनिंग ले रहे एक व्यक्ति ने किराने की दुकान से घी चुरा ...और पढ़ें

जागरण टीम, मुरादाबाद: पुलिस के दामन को एक प्रशिक्षु मुख्य आरक्षी ने दागदार कर दिया। आगरा के रहने वाले प्रशिक्षु मुख्य आरक्षी ने एक दुकान से घी का डिब्बा चोरी कर लिया। प्रशिक्षु मुख्य आरक्षी द्वारा घी चुराना की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। साथ ही दुकानदार ने वीडियो ट्वीट कर दिया और पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) में अधिकारियों से शिकायत कर डाली।
घटना के बाद मुख्य आरक्षी निलंबित
इसके बाद मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया गया है। उसकी तैनाती हापुड़ में है। मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सरताज हुसैन की परचून की दुकान है। बीते दो माह से उनकी दुकान से सामान गायब हो रहा था। उन्होंने एक माह पूर्व सीसीटीवी लगवा लिया। आरोप है कि 12 दिसंबर को प्रशिक्षु मुख्य आरक्षी धर्मवीर सिंह निवासी लकावली थाना ताजगंज (आगरा) नमकीन, बिस्किट लेने आया। प्रशिक्षु आरक्षी ने सरताज को बातों में उलझा लिया और काउंटर पर रखे देसी घी के डिब्बे को बाहर खड़े दूसरे सिपाही के पास फेंक दिया।
सीसीटीवी फुटेज से धरा गया
इसके बाद दुकानदार को घी का डिब्बा गायब मिला तो उन्होंने सीसीटीवी चेक किया। फुटेज में प्रशिक्षु डिब्बे को बाहर फेंकता दिखाई दे रहा था। सरताज ने सीसीटीवी से फुटेज निकालकर पीटीएस के अधिकारियों से शिकायत की। उनके बेटे ने यूपी पुलिस के अकाउंट पर वीडियो ट्वीट कर दिया। पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लेकर जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया।
दुकान मालिक ने दिखाया बड़ा दिल
इधर, एडीजी पीटीसी रवि जोसफ लोक्कू ने पीटीएस प्रतिसार निरीक्षक जयकंवर से रिपोर्ट मांगी। जांच में पुष्टि होने पर प्रशिक्षु मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया गया है। उधर, जब दूकान मालिक सरताज से इस बारे में पूछा गया तो बोले कि आरोपी को माफ कर दिया और कहीं कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। बता दें कैंप चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने इस मामले में पीड़ित सरताज हुसैन को बुलाकर तहरीर देने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने कहा कि 590 रुपये के घी के लिए वह किसी का नुकसान नहीं करेंगे।
