न्यूजीलैंड के बाजार में '0' आयात शुल्क पर मिलेगा प्रवेश, पीतल और धातु उत्पादों को मिलेगी नई पहचान
भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते के तहत मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यातकों को न्यूजीलैंड में शून्य शुल्क पर अपने उत्पाद बेचने का नया अवसर मिला है।
-1792648901175_m.webp)
HighLights
भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता 20 अक्टूबर से प्रभावी।
भारतीय उत्पादों को न्यूजीलैंड में शून्य आयात शुल्क।
मुरादाबाद हस्तशिल्प निर्यातकों को नए बाजार का अवसर।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। अमेरिका में शुल्क संबंधी अनिश्चितताओं के बीच मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यातकों के लिए न्यूजीलैंड का बाजार नई संभावना लेकर आया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता 20 अक्टूबर से लागू हो गया है।
इसके तहत भारतीय उत्पादों को न्यूजीलैंड में शून्य आयात शुल्क पर प्रवेश देने का प्रविधान है। इससे मुरादाबाद के पीतल, धातु सजावटी सामान, घरेलू सजावट के उत्पाद और उपहार सामग्री बनाने वाली इकाइयों को नए बाजार में प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलने की संभावना बढ़ गई है।
मुरादाबाद का हस्तशिल्प उद्योग मुख्य रूप से अमेरिका और यूरोप के बाजारों पर निर्भर रहा है। ऐसे में न्यूजीलैंड जैसे बाजार में कारोबार बढ़ाने से निर्यातकों को अपने ग्राहक आधार का विस्तार करने का अवसर मिल सकता है। यदि शुल्क में छूट का लाभ विदेशी ग्राहक तक पहुंचता है तो भारतीय उत्पादों की कीमत प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिल सकती है।
यंग एंटर प्रिंयोर सोसायटी के अध्यक्ष जेपी सिंह के अनुसार, इससे नए आर्डर हासिल करने की संभावना भी बढ़ सकती है।
पीतल और अन्य धातुओं से बने सजावटी उत्पादों के मामले में वास्तविक लाभ जानने के लिए संबंधित उत्पाद की सीमा शुल्क श्रेणी, न्यूजीलैंड में पहले लागू आयात शुल्क और नए समझौते की शर्तों की पुष्टि जरूरी होगी। केवल समझौता लागू होने के आधार पर हर उत्पाद की कीमत में समान कमी मानना सही नहीं होगा।
मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोटर्स एसोसिएशन अध्यक्ष नवेदुर्रहमान ने बताया कि अब मुरादाबाद के निर्यात क्षेत्र के सामने अहम सवाल यह है कि न्यूजीलैंड में शुल्कमुक्त प्रवेश का लाभ कितनी इकाइयां उठा पाएंगी और वहां से वास्तविक आर्डर कितने मिलेंगे। आने वाले महीनों में उत्पादवार निर्यात और नए आर्डर के आंकड़े ही इस समझौते से मिलने वाले वास्तविक लाभ की तस्वीर साफ होगी।
