BJP नेता पर केस दर्ज कराने वाली सचिव निलंबित, मुरादाबाद गोशाला में चारे के नाम पर मिला भारी घपला
मुरादाबाद की गोवर्धनपुर अस्थायी गोशाला में सरकारी दर से अधिक दाम पर भूसा-चारा खरीदने के मामले में सचिव स्वाति चौहान ...और पढ़ें

गौशाला के निरीक्षण के दौरान बात करते अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम।
HighLights
शाहजहांपुर के डीपीओ को भेजे गए निर्देश, प्रशासक पर भी हो सकती है कार्रवाई
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मूंढापांडे ब्लाक की गोवर्धनपुर अस्थायी गोशाला में भूसा और हरा चारा सरकारी निर्धारित दर से महंगी कीमत पर खरीदा गया। निरीक्षण में यह गड़बड़ी सामने आते ही अपर मुख्य सचिव एवं पशुपालन विभाग के मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने जिम्मेदारों को फटकार लगाई। साथ ही सचिव स्वाति चौहान को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
सचिव की मूल तैनाती शाहजहांपुर में है और वह मुरादाबाद में अटैच चल रही हैं। निलंबन की कार्रवाई के लिए शाहजहांपुर के जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया। देर रात को निलंबन आदेश भी जिला विकास अधिकारी के पास आ गया।
बुधवार को अपर मुख्य सचिव ने मूंढापांडे ब्लाक की गोवर्धनपुर और अक्का पांडेय भोजपुर स्थित अस्थायी गोशालाओं का औचक निरीक्षण किया। गोवर्धनपुर में चारे की खरीद से संबंधित अभिलेख खंगाले गए तो सरकारी दर और खरीद में बड़ा अंतर मिला।
बताया गया है कि अभिलेखों के मुताबिक भूसा करीब 450 रुपये और हरा चारा करीब 200 रुपये अधिक कीमत पर खरीदा गया था। अपर मुख्य सचिव ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गोवंशों के चारे की खरीद में भी यदि सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है तो इसे किसी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजेश कुमार से गोशाला की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।
सीवीओ डाॅ. सुनील दत्त प्रजापति को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अपर मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी डाॅ. राजेंद्र पैंसिया से फोन पर बात कर गोवर्धनपुर की सचिव और निवर्तमान ग्राम प्रधान व प्रशासक के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ चारा खरीद में हुई गड़बड़ी की जांच कराकर सरकारी धन की रिकवरी कराने के निर्देश दिए हैं।
निवर्तमान ग्राम प्रधान अनिता देवी के पति एवं प्रधान प्रतिनिधि पंकज उर्फ विक्की के खिलाफ भी कार्रवाई को कहा। वहीं अक्का पांडेय भोजपुर की गोशाला में निरीक्षण के दौरान गोवंशों के कीचड़ के बीच रहने की स्थिति देखकर अपर मुख्य सचिव भड़क गए। उन्होंने सचिव और निवर्तमान ग्राम प्रधान को 10 दिन में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
हाल में ही भाजपा जिला पंचायत सदस्य समेत चार पर कराया था मुकदमा
निलंबित सचिव स्वाति चौहान ने हाल में ही भाजपा जिला पंचायत सदस्य समेत चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। इससे पहले भी वह एक प्रधान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा चुकी हैं।
