विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांगन नदी पर 42 करोड़ से दो नए पुलों के निर्माण का प्रस्ताव पास, दिल्ली रोड से रिंग रोड तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

Published: Sat, 24 Oct 2026 06:38 PM (IST)

मुरादाबाद में गांगन नदी पर 42 करोड़ रुपये की लागत से दो नए सेतु बनाने का प्रस्ताव शासन की कार्ययोजना ...और पढ़ें

यह इमेज एआई से बनाई गई है।

यह इमेज एआई से बनाई गई है।

HighLights

  1. दिल्ली रोड से हर्बल पार्क से शिवालिक योजना को जोड़कर रिंग रोड तक मिलेगी कनेक्टिविटी

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दिल्ली रोड के जीरो प्वाइंट से ईको हर्बल पार्क होते हुए शिवालिक योजना के बीच से रिंग रोड को जोड़ने वाले 60 मीटर चौड़े महायोजना मार्ग पर गांगन नदी पर दो सेतु बनाने का प्रस्ताव शासन की कार्ययोजना में शामिल हो गया है। करीब 42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन सेतुओं के निर्माण के लिए पहले शासन को प्रस्ताव भेजा गया था।

सेतु बनने से पुराने एनएच-24 पर यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही दिल्ली रोड से कांठ रोड, रामपुर और बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को रिंग रोड तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।

वर्तमान में दिल्ली रोड के जीरो प्वाइंट से शहर में आने वाला अधिकांश यातायात मझोला होते हुए पुराने एनएच-24 पर गांगन नदी के मौजूदा पुल से गुजरता है।

गांगन तिराहे से लाकड़ी की ओर आने वाला औद्योगिक क्षेत्र का यातायात भी इसी मार्ग पर पहुंचता है। घनी आबादी और वाहनों की अधिकता के कारण इस क्षेत्र में अक्सर जाम लगता है।

एमडीए उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने बताया कि प्रस्तावित सेतु बनने के बाद वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। इससे पुराने एनएच-24, मझोला और गांगन तिराहे के आसपास यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

कांठ रोड और रिंग रोड तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

सेतु निर्माण से दिल्ली रोड स्थित निजी टाउनशिप, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की योजनाओं के आवंटियों और आसपास के क्षेत्र के निवासियों को लाभ मिलेगा।

वे कांठ रोड और तहसील सदर की ओर आसानी से जा सकेंगे। इसके साथ ही रिंग रोड के माध्यम से रामपुर और बरेली की ओर जाने के लिए भी बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा।

शहर के भीतर से गुजरने वाले वाहनों की संख्या कम होने से वाहन जनित प्रदूषण में भी कमी आने की संभावना है। कांवड़ यात्रा के दौरान शहर को जाम से बचाने में भी यह मार्ग उपयोगी साबित हो सकता है।

42 करोड़ रुपये से बनेंगे दो सेतु

परियोजना के तहत गांगन नदी पर 9 मीटर चौड़े कैरिजवे और फुटपाथ सहित 179.040 मीटर लंबाई के दो सेतुओं का निर्माण प्रस्तावित है। इनकी अनुमानित लागत करीब 42 करोड़ रुपये आंकी गई है।

विधान परिषद सदस्य रामगोपाल उर्फ गोपाल अंजान ने 24 अप्रैल 2026 को पत्र भेजकर सेतु निर्माण का अनुरोध किया था। इसके बाद परियोजना की रिपोर्ट तैयार कराकर स्वीकृति के लिए शासन को भेजी गई थी।

यह भी पढ़ें- शहीद एक्सप्रेस आग हादसा: S-6 कोच में जले बैग से मिली गन और पोटाश, मुरादाबाद RPF में मुकदमा दर्ज