मुरादाबाद में खौफनाक वारदात: 15 दिन पहले जेल से आए आरोपी ने ईंट से सिर कूचकर की हत्या, CCTV में कैद हुई सनसनीखेज घटना
मुरादाबाद में शराब की दुकान के पास फर्मकर्मी सुरेश सैनी की ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। सीसीटीवी ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।
HighLights
सिर पर ईंटों से हमला करते हुए आरोपित सीसीटीवी कैमरे में हुए कैद
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शराब की दुकान के पास लेटे फर्मकर्मी सुरेश सैनी की ईंट सिर कूचकर हत्या कर दी। तीन आरोपित सिर पर ईंट से हमला करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। स्वजन सुरेश को तलाशते हुए बुधवार सुबह शराब की दुकान पर पहुंचे तो उनका शव मिला। सुरेश मंगलवार शाम घर से कुछ देर में आने की बात कहकर निकले थे।
पुलिस ने अभय निवासी सूर्य नगर मझोला, तुषार चाऊ की बस्ती मझोला और विवेक यार्मा पीतल बस्ती कटघर के खिलाफ प्राथमिकी लिखी है। आरोपित विवेक शर्मा हत्या के मामले में 15 दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था, तुषार भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
मझोला क्षेत्र के सूर्य नगर मानपुर नारायणपुर निवासी सुरेश सैनी फर्म में काम करते थे। परिवार में पत्नी सुशीला, बेटी महक, संगीता और बेटा सुशांत है। मंगलवार शाम वह फर्म से काम करके घर लौटे। शाम करीब सात बजे पत्नी से कुछ देर में वापस आने की बात कहकर घर से निकल गए।
वह देर रात तक नहीं लौटे तो स्वजन ने तलाश शुरू कर दी। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे सूर्य नगर में शराब की दुकान के पास सुरेश का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। पुलिस ने आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें तीन युवक सुरेश के सिर पर ईंट से हमला करते नजर आए।
फुटेज में दिखा की आरोपित आते ही शराब की दुकान पास लेटे हुए सुरेश को लात मारते है और उसके बाद बराबर में पड़ी ईंट उठाकर सिर कूच देते हैं। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि फुटेज में अभय, तुषार, और विवेक शर्मा हमला करते दिखे हैं।
तीनों आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीम लगी है। सुरेश की हत्या क्यों की गई इसका अभी कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट होगा।
पुलिस के लिए की गई मुखबिरी ही तो नहीं हत्या का कारण
अभी तक की जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपितों ने सुरेश सैनी की हत्या की क्यों की है, लेकिन कुछ माह पहले आरोपित तुषार चोरी के एक मामले में जेल गया था। तुषार को शक था कि इसमें पुलिस से सुरेश सैनी ने ही मुखबिरी की है। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपित इसी बात को लेकर रंजिश मान रहा होगा और उसने अब साथियों के साथ मिलकर सुरेश की हत्या कर दी।
अमन हत्याकांड में भी शामिल था विवेक शर्मा
पुलिस के अनुसार सुरेश सैनी की हत्या में शामिल विवेक शर्मा ने बीते साल 11 जुलाई को आल इंडिया ट्रेड यूनियन के जिला सचिव संजीव शुक्ला के बेटे अमन शुक्ला की भी हत्या की थी। इस मामले में पुलिस ने विवेक शर्मा समेत चार आरोपितों को जेल भेजा था। 15 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। अब जेल से बाहर आते ही आरोपित ने फिर से हत्या कर दी। एसपी सिटी ने बताया कि तीनों आरोपितों की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगी हुई है।
इतने तेज किए वार, कि टूट गई ईंट
आरोपितों ने जमीन पर लेटे सुरेश सैनी के सिर पर ईंट से इतनी तेजी से वार किए की ईंट भी टूट गई। इसके बाद आरोपितों ने दूसरी ईंट उठा ली और उससे वार किए। बाद में आरोपित ईंट को मौके पर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने ईंट बरामद की है।
पुलिस को अंदेशा, सुरेश को देख आरोपितों ने बनाई हत्या की योजना
पुलिस को अंदेशा है कि आरोपित सुरेश सैनी की हत्या करना तो चाहते थे, लेकिन सुरेश इन्हें मिल नहीं रहा था, लेकिन मंगलवार की रात किसी एक आरोपित ने सुरेश को शराब की दुकान के पास पड़े हुए देखा। इसके बाद एक दूसरे से तीनों ने बात की। हत्या की योजना बनाकर आरोपित मौके पर पहुंचे। हत्या करने के बाद तीनों आरोपित अपने घर नहीं गए वह फरार हो गए है।
